एअर इंडिया की 3 इंटरनेशनल फ्लाइट मंगलवार को रद्द कर दी गईं। इनमें अहमदाबाद-लंदन के अलावा, दिल्ली-पेरिस, लंदन-अमृतसर फ्लाइट शामिल हैं। इसके अलावा सैन फ्रैंसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट के पैसेंजर्स को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारा गया। अहमदाबाद में 12 जून को AI-171 फ्लाइट क्रैश हुई थी। इसकी जगह अहमदाबाद से लंदन के लिए नई फ्लाइट AI-159 शुरू की गई है। यह फ्लाइट मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द की गई। फ्लाइट को दोपहर 1.10 बजे उड़ान भरना था, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले तकनीकी खामी की बात कही गई। 16 जून को भी यह फ्लाइट रद्द की गई थी। दिल्ली से पेरिस जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI142 भी टेक्निकल परेशानी के बाद रद्द की गई, जो उड़ान से पहले जांच के दौरान सामने आई। इसके अलावा लंदन से अमृतसर आ रही फ्लाइट को भी तकनीकी दिक्कतों के चलते रद्द किया गया। उधर, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-180 में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा। एअर इंडिया की सफाई- विमानों की कमी से फ्लाइट कैंसिल हुई एअर इंडिया ने सफाई दी है कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक की फ्लाइट AI159 को एयरक्राफ्ट की कमी के चलते रद्द किया गया है, न कि तकनीकी खामी की वजह से। एयर स्पेस प्रतिबंधित होने और अतिरिक्त जांच के चलते एयरक्राफ्ट्स को अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचने में ज्यादा वक्त लग रहा है। एअर इंडिया ने कहा कि आज की फ्लाइट कैंसिल होने से पैसेंजर्स को जो परेशानी हुई है, उसका हमें खेद है। हमने सभी यात्रियों के लिए उड़ान की दूसरी व्यवस्था कर दी है। साथ ही हम उनके होटल में रुकने की व्यवस्था भी कर रहे हैं। अगर कोई यात्री टिकट कैंसिल कराना चाहता है, तो हम पूरा पैसा रिफंड करेंगे। अगर कोई अपनी फ्लाइट रिशेड्यूल कराना चाहता है, तो हम वो भी करेंगे। इसके साथ ही एअर इंडिया ने बताया कि लंदन से अहमदाबाद के रास्ते अमृतसर जाने वाली फ्लाइट संख्या AI170 भी आज कैंसिल रहेगी। एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नाम बदला प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नंबर बदलने का फैसला किया है। अब यह AI-159 होगा। वापसी की उड़ान का भी नंबर बदलकर AI-160 किया जाएगा। पहले इस फ्लाइट का नंबर AI-171 था। इससे पहले 2014 में किसी एयरलाइन ने अपनी उड़ान संख्या बदली थी। मलेशियन एयरलाइंस की कुआलालंपुर से बीजिंग जा रही उड़ान MH370 के लापता हो जाने के बाद उस रूट की फ्लाइट संख्या को बदलकर MH318 कर दिया गया था। 3 दिन में 6 फ्लाइट प्रभावित हुईं... इनमें तीन एअर इंडिया की 17 जून: एअर इंडिया की फ्लाइट से पैसेंजर्स को उतारा गया सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारना पड़ा। फ्लाइट नंबर AI180 कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान 17 जून को रात 12:45 बजे समय पर कोलकाता पहुंचा था। इसे मुंबई के लिए रात 2:00 बजे रवाना होना था। विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ में देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों से कहा गया कि वे प्लेन से नीचे उतर जाएं। उन्होंने बताया कि यह फैसला फ्लाइट सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इंडिगो विमान में बम की सूचना मंगलवार को मस्कट (ओमान) से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। एयरलाइंस को सूचना मिली थी कि विमान में बम रखा गया है। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया और लैंड कराया गया। नागपुर के DCP लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है और विमान की तालाशी ली जा रही है। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। 16 जून: एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा 15 जून: ब्रिटिश एयरवेज और लुफ्थांसा एयरलाइन की दो फ्लाइट वापस लौटीं रविवार को लखनऊ में लैडिंग के दौरान फ्लाइट से चिनगारी निकली लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सऊदी अरबिया एयरलाइन की फ्लाइट SV-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसकी सूचना दी। इस दौरान विमान में हजयात्री बैठे हुए थे। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना का वीडियो सोमवार सुबह सामने आया। विमान शनिवार रात 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से हज यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। इसमें क्रू मेंबर्स समेत 250 यात्री सवार थे। रविवार सुबह 6:30 बजे विमान लखनऊ पहुंचा। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी यह घटना हुई। पूरी खबर पढ़ें... तीन दिन पहले एअर इंडिया फ्लाइट में 5 घंटे बिना AC के रहे पैसेंजर एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट IX-196 में पैसेंजर्स को 5 घंटे से ज्यादा समय तक बिना एयर कंडीशनर (AC) के बैठाए रखा गया। इस दौरान उन्हें पीने का पानी या अन्य किसी तरह की मदद नहीं मिली। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फ्लाइट में 150 से ज्यादा पैसेंजर थे। फ्लाइट 13 जून की शाम 7:25 बजे दुबई से जयपुर के लिए रवाना होना था, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से यह रात 12:44 बजे उड़ान भर सकी। जयपुर एयरपोर्ट पर यह फ्लाइट 14 जून की सुबह पहुंची। ----------------------------------------------------- बोइंग से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... मंडे मेगा स्टोरी- 10 साल में 19 क्रैश, 1400+ मौतें:आखिर बोइंग के विमानों में दिक्कत क्या है; सुनीता विलियम्स को भी अंतरिक्ष में फंसाया दुनियाभर में एक दशक में अलग-अलग विमान हादसों में 2,996 लोगों की मौत हुई, इनमें करीब आधे बोइंग के एयरक्राफ्ट में सवार थे। भारत में पिछले 10 साल में 2 बड़े जानलेवा प्लेन क्रैश हुए और दोनों ही विमान बोइंग कंपनी के थे। पिछले साल बोइंग के ही स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष गईं सुनीता विलियम्स महीनों फंस गई थीं। पूरी खबर पढ़ें...