देश के पूर्वोत्तर राज्य में लगातार बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति में कोई सुधार नहीं है। असम में बुधवार को बाढ़ में मरने वालों की संख्या दो और बढ़ गई। राज्य में 24 मई को मानसून शुरू होने के बाद से अब तक 19 लोगों की जान गई है। 21 जिलों में 6.8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अरुणाचल प्रदेश में अब तक लगभग 12 लोगों की जान गई है, जबकि दो लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। पिछले 11 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में कुल 49 लोगों की जान गई हैं। इसमें असम में 19, अरुणाचल प्रदेश में 12, मेघालय और मिजोरम में 6-6, सिक्किम में 3, त्रिपुरा में 2 और नगालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इधर, मानसून अब भी महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर ही रुका है। यह मध्य प्रदेश में 10 जून तक पहुंचेगा, लेकिन बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को भोपाल, शाजापुर, छिंदवाड़ा, राजगढ़, सागर, सतना, धार और दमोह में बारिश हुई। नौगांव को छोड़कर सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। राज्य में 6 जून तक बूंदाबांदी जारी रहने के आसार हैं। राजस्थान में भी बुधवार को कई जगहों पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसके चलते बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 22 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD ने गुरुवार को कुल 25 राज्यों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट भी है। राजस्थान में 6 जून के बाद 3 से 5 डिग्री तापमान बढ़ने की आशंका भी है। राज्यों से मौसम की तस्वीरें...