पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान को जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का ठिकाना नहीं पता है। अगर भारत यह जानकारी दे कि अजहर पाकिस्तान में हैं, तो पाकिस्तान उसे गिरफ्तार करने में खुशी होगी। मसूद अजहर भारत में 2001 के संसद हमले, 26/11 मुंबई हमले, 2016 के पठानकोट हमले और 2019 के पुलवामा हमले जैसे आतंकी हमलों में शामिल रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने उसे 2019 में ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था। अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में बिलावल ने कहा- लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद आजाद नहीं हैं। यह गलत है कि हाफिज सईद आजाद हैं, वह पाकिस्तानी हिरासत में हैं। बिलावल बोले- मसूद अजहर शायद अफगानिस्तान में हो सकता है बिलावल ने आगे कहा- मसूद अजहर के बारे में हमें नहीं पता कि वह कहां है। हमें लगता है कि वह शायद अफगानिस्तान में हो सकता है। अगर भारत सरकार हमें जानकारी दे कि अजहर पाकिस्तान में है, तो हम उसे गिरफ्तार करने को तैयार हैं। लेकिन भारत ऐसा नहीं कर रहा।" उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद रोकने के लिए देश एक-दूसरे से जानकारी शेयर करते हैं। हमने लंदन, न्यूयॉर्क और पाकिस्तान में हमलों को रोकने के लिए ऐसा किया है। अगर मसूद अजहर अफगानिस्तान में है, तो वहां नाटो भी उसे पकड़ नहीं पाया। पाकिस्तान के लिए वहां जाकर यह करना मुमकिन नहीं है।