राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही बारिश का रौद्र रूप भी नजर आने लगा है। गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में सड़क, घरों और दुकानों में पानी भर गया। सावरकुंडला, राजुला में स्थानीय नदियां उफान पर आ गई हैं। झारखंड के खूंटी में बारिश से बनाई नदी पर बना पुल ढह गया, जिससे खूंटी-सिमदेगा रोड ब्लॉक हो गई। भारी बारिश की चेतावनी के चलते रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में सभी स्कूल आज बंद रहेंगे, जबकि पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 8वीं तक की कक्षाएं नहीं लगेंगी। हालांकि राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी अभी भी ज्यों की त्यों है। जैसलमेर में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में भी गुरुवार का दिन सबसे गर्म रहा। यहां पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों में मध्य, पश्चिमी और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में तेजी से पहुंचे दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 2-3 दिनों में दिल्ली और हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है। 20 जून तक मानसून कहां पहुंचा, मैप से समझिए... महाराष्ट्र में नदियां खतरे के निशान से ऊपर, रायगढ़ में आज स्कूल-कॉलेज बंद मौसम विभाग ने गुरुवार रात महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया, क्योंकि राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। इसके चलते कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रायगढ़ में अंबा और कुंडलिका नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। वहीं, पातालगंगा नदी के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। रत्नागिरी में जगबूदी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एहतियात के तौर पर रायगढ़ जिले में सभी स्कूल और कॉलेज आज के लिए बंद कर दिए गए हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र में इंद्रायणी और कुछ दूसरी नदियों में बाढ़ आ गई है। नासिक में गोदावरी नदी भारी बारिश के कारण उफान पर है। यहां कई मंदिर गोदावरी के पानी में डूब गए हैं। देशभर से मौसम की तस्वीरें... गुरुवार को बिजली गिरने की घटनाएं और मौतें… अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम...