शाह बोले- राहुल SIR के बहाने घुसपैठियों को बचा रहे:2029 में लगातार चौथी बार उनकी हार होगी; INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के बीच पहला बयान

Wait 5 sec.

देश भर में SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पहली बार बयान दिया। उन्होंने कहा- राहुल गांधी SIR की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इस देश की जनता उनके एजेंडे को अच्छी तरह समझती है। शाह ने कहा- मैं राहुल और उनके साथियों से कहना चाहता हूं कि 2029 में एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहें। 2029 के लोकसभा चुनाव में NDA भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा और कांग्रेस को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ेगा। इस देश की जनता पीएम मोदी, भाजपा और NDA के साथ खड़ी है। आप इस सच्चाई को नकार नहीं सकते। शाह बोले- बैलेट पेपर से चुनाव हुए, फिर मशीनों पर सवाल क्यों? शाह ने चुनाव नतीजों के लिए बैलेट मशीनों को जिम्मेदार ठहराने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन चुनावों का वह जिक्र कर रहे हैं, वे बैलेट पेपर से कराए गए थे। शाह ने दावा किया कि इससे भाजपा की जीत के लिए बैलेट मशीनों को जिम्मेदार ठहराने का तर्क खारिज होता है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में 33 साल से कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री नहीं बना है और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस 54 साल से कोई चुनाव नहीं जीती है। शाह ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या इन नतीजों को भी SIR से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि SIR 2024 के बाद लागू हुआ, जबकि कांग्रेस उनके प्रमुख नेता, पार्टी अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से लगातार चुनाव हार रही है।