पंजाबी बाग मेट्रो स्टेशन पर अर्पण दान केंद्र का शुभारंभ:पुराने कपड़ों से बनेगी हरित और सतत दिल्ली

Wait 5 sec.

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर पुराने कपड़ों के दान केंद्र ‘अर्पण’ का उद्घाटन किया। इस पहल को राजधानी में सतत अपशिष्ट प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य उपयोग योग्य पुराने कपड़ों को कचरे में जाने से रोककर उनके पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और अपसाइक्लिंग को प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की छोटी-छोटी भागीदारी भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकती है। अर्पण अभियान के माध्यम से लोग अपने पुराने लेकिन उपयोग योग्य कपड़े दान कर जरूरतमंदों की मदद करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकेंगे। इस पहल के तहत एकत्रित कपड़ों की छंटाई, पुनः उपयोग, रीसाइक्लिंग और अपसाइक्लिंग की जाएगी। इससे वस्त्र अपशिष्ट में कमी आएगी, जिम्मेदार उपभोग को बढ़ावा मिलेगा और कपड़ों के संग्रहण व प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। दिल्ली सरकार ने बताया कि अभियान के अगले चरण में दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर ‘अर्पण’ दान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक आसानी से इसमें भाग ले सकें। सरकार ने राजधानीवासियों से अपील की है कि वे अपने पुराने, उपयोग योग्य कपड़े दान कर स्वच्छ, हरित और सतत दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनें।