पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भारत में मुस्लिम धार्मिक स्थलों को लेकर चिंता जताई है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय ने शनिवार को उनका बयान जारी किया। बयान में जरदारी ने कहा कि भारत में कई ऐतिहासिक मुस्लिम धार्मिक स्थल खतरे में हैं। उन्होंने खास तौर पर वाराणसी की गंज शहीदा मस्जिद का जिक्र किया, जिसे उन्होंने करीब 1000 साल पुरानी मस्जिद बताया। जरदारी ने भारत से अपील की कि ऐसे धार्मिक स्थलों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई को तुरंत रोका जाए। उनका कहना है कि इससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है और देश में अस्थिरता पैदा हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को अल्पसंख्यकों के अधिकारों और साझा सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करनी चाहिए। हालांकि, इस बयान पर भारत सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार और पुनर्विकास परियोजना के तहत रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के एंट्री पॉइंट के पास स्थित गंज शहीदा मस्जिद को नोटिस जारी किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, मस्जिद प्रबंधन को 20 जून तक परिसर खाली करने के लिए कहा गया है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… बोलीविया में 50 दिनों से जारी प्रदर्शन के बाद इमरजेंसी, राष्ट्रपति ने सेना तैनात करने का आदेश दिया दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज ने शनिवार को पूरे देश में इमरजेंसी की घोषणा कर दी। पिछले 50 दिन से जारी सड़क जाम और विरोध प्रदर्शनों के बाद यह फैसला लिया गया। राष्ट्रपति पाज ने टीवी पर दिए संबोधन में कहा कि सरकार ने बातचीत के सभी रास्ते आजमा लिए, लेकिन कुछ समूह हिंसा और अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए देशभर में आपातकाल लागू किया जा रहा है। प्रदर्शन मई की शुरुआत में शुरू हुए थे। देश के सबसे बड़े ट्रेड यूनियन संगठन बोलीवियन वर्कर्स सेंट्रल (COB) ने राष्ट्रपति पाज की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आंदोलन छेड़ा था। वे राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। बोलीविया इस समय पिछले 40 वर्षों के सबसे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। लगातार सड़क जाम के कारण राजधानी ला पाज समेत कई शहरों में ईंधन, खाद्य पदार्थों और दवाइयों की कमी हो गई है। डोमिनिकन रिपब्लिक के बीचफ्रंट रिजॉर्ट में आग लगी, 1 की मौत; 1700 लोग सुरक्षित निकाले गए कैरेबियाई देश डोमिनिकन रिपब्लिक के पर्यटन स्थल बायाहीबे स्थित एक बीचफ्रंट रिजॉर्ट में आग लग गई। हादसे में इटली की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि करीब 1,700 पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतक की पहचान फ्रांसेस्का वैलेंटिनो के रूप में हुई है। आग विवा विंडहैम डोमिनिकस बीच होटल में लगी थी। DAEH के मुताबिक, 3 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि 6 अन्य का मौके पर ही इलाज किया गया। फायर ब्रिगेड ने कई घंटों के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, होटल की छत का कुछ हिस्सा ताड़ (पाम) के पत्तों से बना था, जिससे आग तेजी से फैल गई। तेज हवा ने भी आग फैलने में मदद की। फिलहाल आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों में पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं। डोमिनिकन रिपब्लिक कैरेबियाई क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। इस साल के पहले पांच महीनों में यहां 56 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे हैं। लंदन के बेडफोर्ड में दो ट्रेनों की टक्कर, 1 की मौत; 89 घायल ब्रिटेन की राजधानी लंदन से करीब 90 किलोमीटर दूर बेडफोर्ड इलाके में शुक्रवार शाम दो ट्रेनों की टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेन ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 89 लोग घायल हुए हैं। इनमें 11 की हालत गंभीर है। रेलवे ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार, दोनों ट्रेनें लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन की ओर जा रही थीं। शाम करीब 5:15 बजे बेडफोर्ड के पास उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर एयर एम्बुलेंस समेत बड़ी संख्या में राहत-बचाव दल भेजे गए। पुलिस ने बताया कि घटना को मेजर इंसिडेंट घोषित कर दिया गया है। ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस के मुताबिक, हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 22 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 56 लोगों को मामूली चोट लगी है। घटना के बाद रेलवे कंपनी ने शुक्रवार के बाकी दिन के लिए सेंट पैनक्रास आने-जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दीं। शनिवार की सेवाओं को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऑस्ट्रेलिया में पहली बार मिला H5 बर्ड फ्लू, अब सभी महाद्वीप इसकी चपेट में ऑस्ट्रेलिया में पहली बार H5 बर्ड फ्लू स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही यह वायरस अब दुनिया के सभी महाद्वीपों में पहुंच चुका है। ऑस्ट्रेलिया की कृषि मंत्री जूली कॉलिन्स ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। जूली कॉलिन्स ने बताया कि पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के एक दूरदराज इलाके में प्रवासी समुद्री पक्षी ब्राउन स्कुआ में H5 बर्ड फ्लू पाया गया है। इसकी पुष्टि देश की राष्ट्रीय विज्ञान एजेंसी ने की है। इसके अलावा एक बीमार जायंट पेट्रेल पक्षी के सैंपल में संक्रमण की आशंका जताई गई है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ही दुनिया का एकमात्र महाद्वीप था, जहां H5 बर्ड फ्लू स्ट्रेन नहीं मिला था। यह वायरस मुर्गियों और जंगली पक्षियों में तेजी से फैलता है और बड़ी संख्या में उनकी मौत का कारण बन सकता है।मामले को देखते हुए पशु स्वास्थ्य और कृषि अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई गई है। इसमें वायरस के फैलाव को रोकने और राष्ट्रीय स्तर पर जवाबी रणनीति पर चर्चा की गई। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि यह चिंता की बात है। सरकार वायरस के फैलाव को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा, यह संक्रमण प्रवासी पक्षियों के जरिए यहां पहुंचा है। दुनिया के कई देशों में ऐसा हो चुका है और इसी वजह से हम पहले से तैयारी कर रहे थे। गुरुवार को ऑस्ट्रेलियाई वैज्ञानिकों ने बताया था कि H5 बर्ड फ्लू के कारण उप-अंटार्कटिक क्षेत्र के एक ज्वालामुखीय द्वीप पर स्थित हाथी सील की एक प्रजनन कॉलोनी में 13 हजार से ज्यादा सील के बच्चों की मौत हो चुकी है। यह द्वीप ऑस्ट्रेलिया के बाहरी क्षेत्रों में शामिल है और वैज्ञानिक वहां संक्रमण के असर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।