यमुना किनारे 15-17 जनवरी को होगा अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव:20 देशों के 50 पतंगबाज दिखाएंगे हुनर; बांसरा पार्क में तीन दिन सजेगा उत्सव

Wait 5 sec.

मकर संक्रांति पर दिल्लीवासियों को यमुना किनारे आसमान में रंग-बिरंगी और विशालकाय पतंगों के करतब देखने को मिलेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण 15 से 17 जनवरी 2027 तक सराय काले खां स्थित बांसरा पार्क में चौथा पतंग उत्सव आयोजित करेगा। इस बार इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है। इसमें 20 देशों के करीब 50 विदेशी पतंगबाज और भारत के सात राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 54 पतंगबाज हिस्सा लेंगे। डीडीए के मुताबिक, उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ लोगों को हरित क्षेत्रों से जोड़ना है। ऑस्ट्रेलिया, कोलंबिया, फ्रांस, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और ट्यूनीशिया सहित कई देशों के पतंगबाज इसमें शामिल होंगे। भारतीय प्रतिभागी गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व करेंगे। विशालकाय पतंगों के करतब होंगे आकर्षण तीन दिवसीय उत्सव में हवा से भरी विशालकाय पतंगें करतब दिखाएंगी। पतंगों और टीमों के समन्वित प्रदर्शन मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा पतंगों के इतिहास और विभिन्न देशों की परंपराओं पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें पारंपरिक कागज की पतंगों से लेकर आधुनिक कलात्मक और खेल से जुड़ी पतंगों की जानकारी मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सवों और रिकॉर्ड बनाने वाली पतंगों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी। उत्सव की तीनों शाम संगीत कार्यक्रम होंगे। इनमें सूफी संगीत, कव्वाली, भारतीय लोक संगीत और फ्यूजन प्रस्तुतियां होंगी। कम से कम छह सांस्कृतिक दल कार्यक्रम पेश करेंगे। यहां 10 से अधिक फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए कठपुतली शो, टॉय ट्रेन और पेंटिंग बच्चों के लिए मिट्टी के बर्तन बनाने, पेंटिंग, कठपुतली शो और टॉय ट्रेन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। पारंपरिक दुकानों पर पतंगों के साथ सुरक्षित मांझा भी उपलब्ध कराया जाएगा। डीडीए के मुताबिक, बांसरा दिल्ली का पहला बांस आधारित थीम पार्क है। इसे यमुना के बाढ़ क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत विकसित किया गया है। उत्सव में प्रवेश का समय, विस्तृत कार्यक्रम और ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।