हसीना बोलीं- आजादी के बिना पाकिस्तानी जूतों तले होता बांग्लादेश:आज रहमान सरकार अत्याचार कर रही, स्वतंत्रता सेनानी को मारकर पेड़ पर लटकाया गया

Wait 5 sec.

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि अगर बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो देश आज भी पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता। तब किसी के प्रधानमंत्री बनने की जरूरत ही नहीं पड़ती। हसीना ने मयमनसिंह जिले के धुबौरा इलाके में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया। शेख हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहीं। इसमें उन्होंने राजनीतिक हिंसा के दौरान मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों की भी बात की। जेल में बंद लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया शेख हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाएं और इलाज तक नहीं दिया जा रहा। कई लोगों की जेल में मौत हो गई, लेकिन उनके परिवारों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि ऐसी घटनाएं राजधानी ढाका समेत देश के कई हिस्सों में हो रही हैं। उन्होंने ढाका के रामपुरा और बंगशाल इलाकों के दो मामलों का भी जिक्र किया। पिता को याद किया, कहा- 10 साल में विकसित देश बन जाता बांग्लादेश हसीना ने अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बांग्लादेश को आजादी दिलाने और लोगों को अलग पहचान देने के लिए संघर्ष किया। अगर वे जिंदा रहते, तो देश आजादी के 10 साल के भीतर दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो सकता था। हसीना ने कहा कि उनकी हत्या से बांग्लादेश के विकास का सपना अधूरा रह गया। शेख मुजीबुर रहमान को बांग्लादेश का संस्थापक कहा जाता है। उन्होंने पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश बनाने की लड़ाई का नेतृत्व किया और 1971 में आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री बने। 1975 में सैन्य तख्तापलट के दौरान उनके घर में उनकी और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी के लिए तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था। 5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं हसीना बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था। छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आंदोलन पूरे देश में फैल गया। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं।