अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप:लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर लैंड कर रहीं फ्लाइट्स को वापस भेजा, छत की टाइल-दुकानों में सामान गिरा

Wait 5 sec.

अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके लॉस एंजिलिस समेत आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए। लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने रनवे पर लैंड करने आ रहीं फ्लाइट्स के पायलटों को विमान वापस मोड़ने के निर्देश दिए। वहीं एयरपोर्ट पर एक टर्मिनल की छत से टाइलें नीचे आ गिरीं। कई दुकानों में सामान गिर गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 9:30 बजे मैनहट्टन बीच से 6 किलोमीटर दूर समुद्र में आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 12 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के असर की 2 तस्वीरें… 45 मिनट में कई आफ्टरशॉक आए मुख्य भूकंप के बाद करीब 45 मिनट में कई आफ्टरशॉक महसूस किए गए। इनमें सबसे तेज झटका 3.7 तीव्रता का था। भूकंप का असर केंद्र से करीब 43 किलोमीटर दूर पासाडेना तक महसूस हुआ। भूकंप के बाद लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय कर दिया। शहर के सभी 106 फायर स्टेशनों के कर्मचारियों को संभावित नुकसान की जांच के लिए तैनात किया गया। शुरुआती जांच में किसी के घायल होने या इमारतों को बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली। रिफाइनरी में सुरक्षा के तहत जलाई गई गैस भूकंप के कुछ देर बाद लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट के पास स्थित शेवरॉन की एल सेगुंडो रिफाइनरी से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि यह भूकंप से लगी आग नहीं थी, बल्कि सुरक्षा प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त गैस जलाई जा रही थी। एल सेगुंडो प्रशासन के मुताबिक, शेवरॉन रिफाइनरी में सुरक्षा प्रक्रिया के तहत गैस जलाई जा रही थी। कंपनी ने बताया कि भूकंप जैसी स्थिति में प्लांट के उपकरण अपने आप बंद हो जाते हैं। इस दौरान अतिरिक्त गैस को नियंत्रित तरीके से जलाया जाता है। इस रिफाइनरी से दक्षिणी कैलिफोर्निया के करीब 20% वाहनों के ईंधन और 40% जेट फ्यूल की आपूर्ति होती है। अक्टूबर 2025 में भी यहां आग लगने की घटना हुई थी। सुनामी का खतरा नहीं, लोगों को सतर्क रहने की सलाह लॉस एंजिलिस की मेयर करेन बैस ने कहा कि शुरुआती जांच में बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने लोगों को संभावित आफ्टरशॉक से सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षित जगह पर छिपने की सलाह दी। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी स्पष्ट किया कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। कैलिफोर्निया के आपातकालीन सेवा विभाग ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।