केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी। इसके तहत लोकसभा और सभी राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। किस राज्य में कितनी लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ेंगी, यह तय करने की जिम्मेदारी परिसीमन आयोग की होगी। आयोग महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षित सीटों की पहचान भी करेगा। तीन सदस्यीय होगा परिसीमन आयोग, सुप्रीम कोर्ट के जज अध्यक्ष बनेंगे प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे। इसकी अध्यक्षता केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके नामित चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त भी आयोग के सदस्य होंगे। मेघालय और नगालैंड में राज्य निर्वाचन आयुक्त की जगह राज्यपाल की ओर से नामित व्यक्ति आयोग का सदस्य बनेगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी। जरूरत पड़ने पर सरकार इसे बढ़ा भी सकेगी। हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य भी होंगे तीन मुख्य सदस्यों के अलावा हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य नामित किए जाएंगे। इनमें पांच लोकसभा सांसद होंगे, जिन्हें लोकसभा अध्यक्ष नामित करेंगे। बाकी पांच सदस्य राज्य विधानसभा के विधायक होंगे, जिन्हें विधानसभा अध्यक्ष नामित करेंगे। ये सदस्य आयोग की बैठकों और चर्चाओं में हिस्सा ले सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान करने या आयोग के फैसलों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा। सरकारी विभागों और GIS विशेषज्ञों की मदद ले सकेगा परिसीमन की प्रक्रिया के लिए आयोग रजिस्ट्रार जनरल, जनगणना आयुक्त, सर्वेयर जनरल और अन्य सरकारी अधिकारियों की मदद ले सकेगा। जरूरत पड़ने पर GIS विशेषज्ञों को भी शामिल किया जा सकेगा। प्रस्ताव के मुताबिक, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है। नई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखा जाएगा। जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर को लेकर भी एक विशेष प्रावधान है। अगर पाकिस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र भारत के नियंत्रण में आता है, तो वहां विधानसभा सीटों के परिसीमन की जिम्मेदारी चुनाव आयोग निभाएगा। इस स्थिति में चुनाव आयोग परिसीमन आयोग की भूमिका में काम करेगा। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। राज्य विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की भी तैयारी है। हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश में मौजूदा सीटों के मुकाबले 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इससे लोकसभा में राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी का अनुपात मोटे तौर पर बना रहेगा। महिलाओं को 15 साल के लिए मिलेगा आरक्षण विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित होंगी। यह आरक्षण 2023 के संविधान संशोधन के लागू होने की तारीख से 15 साल तक रहेगा। संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी संबंधित वर्गों के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर तय की जाएंगी। इन सीटों का रोटेशन आयोग के तय तरीके से होगा। अप्रैल में 54 वोट से गिर गया था विधेयक इससे पहले 17 अप्रैल को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। विधेयक को पास होने के लिए 54 वोट और चाहिए थे। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयकों को आगे नहीं बढ़ाया था। अब NCP (शरदचंद्र पवार) ने कहा है कि सभी राज्यों में सीटों की समान रूप से 50% बढ़ोतरी का प्रावधान होने पर वह नए प्रस्ताव का समर्थन करेगी। वहीं, DMK ने तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने वाले फॉर्मूले पर सहमति के संकेत दिए हैं।