दिल्ली के बेगमपुर में 27 नवंबर को हुई 44 वर्षीय रेखा की गला रेतकर हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रेखा की हत्या उसके एक दोस्त की पत्नी की जलन के चलते की गई। उसे ऐतराज था कि उसका पति रेखा और उसके बच्चों पर पैसे क्यों खर्च करता है और उनसे दोस्ती क्यों रखता है। महिला ने यह बात अपनी भतीजी सुमन और उसके पति अमित हुड्डा को बताई। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। सुमन सोशल मीडिया पर रील्स बनाती है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। रोहिणी DCP शशांक जायसवाल ने बताया कि रेखा की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस के लिए यह ब्लाइंड मर्डर था। जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध मुंह छिपाकर जाता दिखाई दिया। बाद में उसने कपड़े भी बदल लिए। पुलिस ने इसी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। अभी सुमन और अमित के अलावा हत्या में किसी की भूमिका सामने नहीं आई है। बेटी के फोन करने पर बेटे को पता चला रेखा अपने पति आनंदपाल, दो बेटियों और एक बेटे के साथ राजीव नगर में रहती थी। आनंदपाल ठेकेदार हैं। उनकी एक बेटी लंदन में पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करती है। बेटा पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार शाम गुरुग्राम में रहने वाली बेटी लगातार मां को फोन कर रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उसने पहली मंजिल पर सो रहे भाई को फोन किया। भाई नीचे पहुंचा तो मां की हत्या हो चुकी थी। घटना के समय घर में रेखा और उसका बेटा ही मौजूद थे। जानिए कैसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस की टीम… सुमन पुलिस वर्दी में भी बनाती है रील पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमित ड्राइवर का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी सुमन सोशल मीडिया पर रील बनाती है। वह पुलिस की वर्दी पहनकर भी रील बनाती है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।