भास्कर अपडेट्स:दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹5.56 करोड़ का गांजा जब्त, बैंकॉक से लौटे दो भारतीय गिरफ्तार

Wait 5 sec.

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम अधिकारियों ने ₹5.56 करोड़ कीमत का 15.93 किलोग्राम गांजा (हाइड्रोपोनिक वीड)जब्त किया है। बैंकॉक से लौटे दो भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया। कस्टम विभाग के अनुसार, दोनों यात्रियों के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान गांजा मिला। कुल नौ पॉलीथीन पैकेट बरामद में इसे रखा गया था। 7 पैकेट एक काले ट्रॉली बैग और 2 पैकेट भूरे रंग के बैकपैक में रखे थे। क्या है हाइड्रोपोनिक वीड: हाइड्रोपोनिक वीड, गांजे की एक अधिक प्रभावशाली किस्म होती है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। इसमें सामान्य गांजे की तुलना में नशे का प्रभाव अधिक होता है। आज की अन्य बड़ी खबरें… ठाकरे गुट के विधायक सचिन अहीर शिंदे की शिवसेना में शामिल महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान उद्धव गुट के विधायक सचिन अहीरने शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए। उन्होंने आज शिंदे गुट की ओर से विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भरा। सचिन अहीर का नेतृत्व मजदूर आंदोलन (लेबर मूवमेंट) से उभरा है। वह पहली बार 1999 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के टिकट पर शिवड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह 2004 और 2009 में भी विधायक बने। साल 2009 की सरकार में उन्होंने आवास राज्य मंत्री का पद भी संभाला था। 2019 के विधानसभा चुनाव के ठीक पहले उन्होंने एनसीपी छोड़ दी और शिवसेना (जब एक ही गुट था) में शामिल हो गए। उस समय हुए विधानसभा चुनाव में आदित्य ठाकरे की जीत में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही थी। शिवसेना में हुई बड़ी फूट के बाद भी वह उद्धव ठाकरे के साथ ही बने रहे। महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी की पत्नी पटना से गिरफ्तार महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस सुमन कुमारी से पूछताछ कर रही है और मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। दरअसल, महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर एग्जाम से 24 घंटे पहले 27 जून को लीक हो गया था। पेपर ठाणे में लीक हुआ था। इसके बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल (MSEC) ने इसके बाद परीक्षा स्थगित की। पश्चिम बंगाल की हल्दिया रिफाइनरी में आग लगी, 10 कर्मचारी झुलसे पश्चिम बंगाल की हल्दिया रिफाइनरी में नैफ्था पाइपलाइन में आग लगने से 10 कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद सभी को इलाज के लिए हल्दिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 2.613 किलो ड्रग्स जब्त किए, कीमत ₹20 करोड़ जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने ड्रग तस्कर इश्तियाक अहमद मोगल को गिरफ्तार किया। वह कुपवाड़ा जिले के तंगधार का रहने वाला है। उसके पास से 2.613 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए है। आरोपी मारुति इग्निस कार से जा रहा था। जांच में पुलिस ने कार से ड्रग्स के 4 पैकेट बरामद किए। तलाशी में उसके पास से एक और पैकेट मिला। पुलिस ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई की मंजिल और पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। अमरनाथ यात्रा के लिए करंट रजिस्ट्रेशन और टोकन वितरण शुरू, जम्मू सेंटर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले सोमवार को जम्मू के रजिस्ट्रेशन सेंटर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां यात्रा के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और टोकन वितरण शुरू हो गया। यात्रा का पहला जत्था 2 जुलाई को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से रवाना होगा। बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन सेंटर पर पीने के पानी, लंगर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवाजाही सुचारु रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर ₹2.38 करोड़ का गांजा जब्त, अबू धाबी से आया युवक गिरफ्तार मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने अबू धाबी से आए 25 साल के एक यात्री को 2.38 करोड़ रुपए की गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोइन खान के रूप में हुई है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) को सूचना मिली थी कि आरोपी मादक पदार्थ लेकर आ रहा है। तलाशी में उसके सामान से 6.823 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए कमीशन पर तस्करी करने की बात कबूल की। यह उसकी पहली तस्करी थी। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूर्व CEC राजीव कुमार HDFC बैंक के चेयरमैन होंगे, RBI की मंजूरी के बाद 3 साल संभालेंगे जिम्मेदारी HDFC बैंक के बोर्ड ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त और पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को बैंक का पार्ट-टाइम (नॉन-एग्जीक्यूटिव) चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया है। बैंक ने उन्हें 30 जून 2026 से चार साल के लिए स्वतंत्र निदेशक (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर) भी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। बैंक ने कहा कि RBI की मंजूरी मिलने के बाद राजीव कुमार तीन साल के लिए पार्ट-टाइम चेयरमैन का पद संभालेंगे। वे अतनु चक्रवर्ती की जगह लेंगे, जिन्होंने मार्च 2026 में इस्तीफा दे दिया था। तब से केकी मिस्त्री अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राजीव कुमार फरवरी 2020 में वित्त सचिव पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद वे देश के 25वें मुख्य चुनाव आयुक्त बने और 2024 का लोकसभा चुनाव कराया था। 30 साल पुराना यमुना जल विवाद खत्म; राजस्थान-हरियाणा में समझौता राजस्थान और हरियाणा के बीच करीब 30 साल से लंबित यमुना जल विवाद सोमवार को खत्म हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दोनों राज्यों ने यमुना जल परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन के लिए समझौता (एमओयू) पर साइन किए। समझौते के तहत हरियाणा की पश्चिमी यमुना नहर से भूमिगत पाइपलाइन के जरिए राजस्थान को उसके हिस्से का पानी दिया जाएगा। इससे राजस्थान के सीकर, चूरू और झुंझुनूं तथा हरियाणा के भिवानी और फतेहाबाद जिलों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। अमित शाह ने बताया कि जुलाई से अक्टूबर के बीच करीब 580 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) पानी तीन भूमिगत पाइपलाइनों के जरिए राजस्थान भेजा जाएगा। CBSE 12वीं की री-इवैल्युएशन 99.7% पूरी, बोर्ड बोला- इस बार प्रक्रिया 5 दिन पहले खत्म होगी CBSE ने 12वीं के री-इवैल्युएशन का 99.7% काम पूरा होने का दावा किया है। बोर्ड के मुताबिक, अगले 24 घंटे में पूरी प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। इस बार अधिक आवेदन आने के बावजूद री-इवैल्युएशन 10 दिन में पूरी हो रही है, जबकि पिछले साल इसमें 15 दिन लगे थे। बोर्ड ने बताया कि सबसे ज्यादा अंक फिजिक्स और इंग्लिश विषय में बढ़े हैं।