राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक से पहले दिल्ली नगर निगम ने जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर मैदानी स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। गुरुवार को निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने सिविल लाइन जोन के आदर्श नगर वार्ड का दौरा कर नालों की डिसिल्टिंग, कचरा प्रबंधन और जलनिकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी, एमसीडी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त की नजर आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास जमा कचरे और नालों की स्थिति पर पड़ी। उन्होंने मुख्य सड़क पर बिखरे कचरे पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि डस्टबिन ऐसी जगह लगाए जाएं, जिससे यातायात प्रभावित न हो। आयुक्त ने यह भी कहा कि मुख्य मार्गों पर कहीं भी कचरा दिखाई नहीं देना चाहिए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। मुर्गा मंडी में अवैध लाइसेंस पर संचालित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश इस दौरान आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास लगने वाली मुर्गा मंडी में अवैध लाइसेंस पर संचालित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा लहसुन और प्याज की छंटाई के बाद उनके छिलकों को नालों में फेंके जाने पर कड़ी नाराजगी जताई गई। अधिकारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और नालों से जमा जैविक कचरा तत्काल हटाने को कहा गया। जी ब्लाॅक के नालों का किया निरीक्षण इसके बाद आयुक्त ने जहांगीरपुरी एच-ब्लॉक स्थित पीडब्ल्यूडी पंपिंग स्टेशन, शाह आलम बंध मार्ग, मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन और जी-ब्लॉक के नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने डिसिल्टिंग कार्य समय पर पूरा करने और निकाली गई सिल्ट को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के साथ आदर्श नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा की गई, ताकि भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।