हरियाणा में सोनीपत का रहने वाला कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी आज 4 घंटे की कस्टडी पैरोल पर बाहर आएगा। वह जठेड़ी गांव में अपनी जुड़वां बेटियों के जन्म के 80 दिन बाद होने वाले हवन-यज्ञ, नामकरण और अन्य रस्मों में शामिल होगा। काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी ‘लेडी डॉन’ के नाम से मशहूर है। अनुराधा चौधरी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि पहले 6 घंटे की कस्टडी पैरोल की अनुमति ली गई थी, लेकिन प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार अब 5 घंटे की पैरोल मिली है। काला जठेड़ी सुबह 11 बजे गांव पहुंचेगा और शाम 4 बजे तक वहां रहेगा। अनुराधा ने बताया कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की शिफ्ट 5 घंटे की होती है। पैरोल के दौरान सुरक्षा का खर्च भी संबंधित पक्ष को ही उठाना पड़ता है। 10 घंटे की पैरोल संभव नहीं थी, क्योंकि एक घंटे बाद पुलिसकर्मियों की दूसरी शिफ्ट लगती और उसका खर्च भी देना पड़ता। बता दें, काला जठेड़ी पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनमें हत्या, फिरौती, रंगदारी, हत्या का प्रयास जैसे मामले शामिल हैं। काला जठेड़ी को 30 जुलाई 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। 1 जुलाई को दिया था जुड़वां बेटियों का जन्म अनुराधा ने 1 जुलाई को इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) तकनीक से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में जुड़वां बेटियों को जन्म दिया था। प्रसव के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसकी सीजेरियन डिलीवरी करानी पड़ी थी। इसी दिन काला जठेड़ी अपनी बेटियों को देखने के लिए 4 घंटे की कस्टडी पैरोल पर आया था। सुरक्षा कारणों के चलते कोर्ट ने अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं करने का निर्देश दिया था। 2020 में जठेड़ी-अनुराधा की मुलाकात हुई अनुराधा चौधरी राजस्थान के सीकर की रहने वाली है। अनुराधा की भी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। वह कभी कुख्यात अपराधी आनंदपाल सिंह से जुड़ी थी। आनंदपाल के ठेठ पहनावे को अनुराधा ने ही बदला था। यहां तक की उसे अंग्रेजी बोलना भी सिखाया। इसी के बदले आनंदपाल ने अनुराधा को AK-47 चलाना सिखाया। 27 जून, 2006 को बहुचर्चित जीवणराम गोदारा हत्याकांड के मुख्य गवाह प्रमोद चौधरी के भाई इंद्रचंद के अपहरण मामले में अनुराधा चौधरी का नाम आया था। साल 2016 में उसको जयपुर से गिरफ्तार किया था। अनुराधा चौधरी जब इस केस में दो साल की सजा काट रही थी तो साल 2017 में आनंदपाल सिंह को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद 2020 में वह काला जठेड़ी के संपर्क में आई थी। हालांकि, अनुराधा दावा करती है कि उसके सभी केस बंद हो चुके है। 12 मार्च 2024 को हुई जठेड़ी-अनुराधा की शादी काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी 12 मार्च 2024 को दिल्ली के द्वारका सेक्टर-3 स्थित संतोष गार्डन में हुई थी। शादी के लिए द्वारका कोर्ट ने जठेड़ी को 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक उसे सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शादी समारोह में शामिल होना था। सुरक्षा कारणों से पुलिस का भारी बंदोबस्त किया गया था और जठेड़ी को तिहाड़ की मंडोली जेल से पुलिस सुरक्षा में शादी स्थल तक लाया गया। कोर्ट ने अगले दिन गृह प्रवेश के लिए भी पैरोल की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में यह अनुमति वापस ले ली गई।