केजरीवाल का दावा- उनका इंस्टाग्राम अकाउंट देश में प्रतिबंधित:कहा- एथेनॉल और पेपर लीक पर बोलने वालों का अकाउंट दबाया जा रहा

Wait 5 sec.

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में मेटा से कई बार पूछने पर भी कोई जवाब नहीं आया। केजरीवाल ने कहा कि उनके पास कई लोगों के मैसेज आए कि उनका अकाउंट भी प्रतिबंधित किया गया। उन्होंने उन लोगों से भी संपर्क करने की अपील की है। केजरीवाल ने आरोप लगाया- सरकार मेटा पर दवाब डाल रही है कि जो भी व्यक्ति एथेनॉल या पेपर लीक के खिलाफ बोल रहा है, उसके अकाउंट को प्रतिबंधित किया जाए। मेटा इस तरह की बदमाशी न करे और मोदी जी के सामने न घुटने न टेके। केजरीवाल ने अकाउंट स्टेटस दिखाया केजरीवाल ने अपने अकाउंट स्टेटस पेज का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है। इसमें 'अनअवेलेबल इन सम लोकेशन्स' (कुछ स्थानों पर उपलब्ध नहीं) का मैसेज दिखाई दे रहा है। केजरीवाल ने X पर लिखा कि मेटा के भारत स्थित ऑफिस में पूछने पर पता चला कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित है और भारत में उपलब्ध नहीं है। केजरीवाल ने मेटा की ओर से स्पष्टता न होने और कोई जवाब न मिलने को खराब सर्विस बताया है। इस मामले पर मेटा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं।