सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें भारी भीड़ को डांस करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो को राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम का बताकर शेयर किया जा रहा है. दावा है कि ये वीडियो पुणे में हुए कार्यक्रम में राहुल को सुनने के लिए उमड़ी भीड़ का है. पोस्ट का अर्काइव यहां देखें क्या ये सच है ? : राहुल गांधी के पुणे में हुए कार्यक्रम में भारी भीड़ देखने को मिली थी, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो उस कार्यक्रम का नहीं है. ये वीडियो असल में मैक्सिको का है. हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : राहुल गांधी और कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट्स से पुणे में 22 अगस्त 2026 को हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीम किया गया था. इसमें भीड़ के विजुअल्स भी हैं, हमने सारे विजुअल देखे, कोई भी वायरल वीडियो से मेल नहीं खाता. वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें स्पोर्ट्स कवर करने वाली पत्रकार Carlota Vizmanos के इंस्टाग्राम पोस्ट में इसी वीडियो का और साफ वर्जन मिला. Carlota Vizmanos अमेरिका में स्थित स्पैनिश भाषा के एक न्यूज चैनल Telemundo के लिए स्पोर्ट्स कवर करती हैं. View this post on Instagram इस इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन का हिंदी अनुवाद कुछ यूं होगा ''ज़ोकालो में मेक्सिको के पहले गोल का जश्न इस तरह मनाया गया''. यानी इस पोस्ट में वीडियो को फुटबॉल मैच में मैक्सिको के गोल पर हुए जश्न का बताया गया है. ज़ोकालो मैक्सिको सिटी में स्थित एक मशहूर स्क्वायर है, जहां फुटबॉल मैच को स्क्रीन पर देखने फेंस इकट्ठा होते हैं. आगे हमने वीडियो की कुछ बारीकियां देखीं, यहां पीछे मैक्सिको 2026 लिखा देखा जा सकता है. वायरल हो रहे वर्जन में भी ये दिख रहा है. निष्कर्ष : मैक्सिको सिटी के वीडियो को सोशल मीडिया पर पुणे में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम का बताकर शेयर किया जा रहा है. (अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)