दिल्ली-NCR में इन दिनों H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़े हैं. इस साल अगस्त तक 1,777 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. यह पिछले साल की तुलना में करीब आठ गुना ज्यादा हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि स्वाइन फ्लू का टीका कब लगवाना चाहिए. क्या अक्टूबर सही समय है या अभी लगवा लें. आइए, डॉक्टरों और सरकारी सलाह के आधार पर पूरी बात समझते हैं...क्या 'स्वाइन फ्लू का टीका' अलग से मिलता है?यह समझना सबसे जरूरी है कि H1N1 यानी स्वाइन फ्लू का कोई अलग टीका नहीं है. यह वायरस अब सीजनल फ्लू का ही एक हिस्सा बन गया है. इस वजह से जो सीजनल इन्फ्लूएंजा (मौसमी फ्लू) का टीका लगता है, उसमें H1N1 के खिलाफ सुरक्षा भी शामिल होती है.दिल्ली में मैक्स हेल्थकेयर हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन और सीनियर डॉक्टर रोम्मिल टिक्कू कहते हैं, 'आमतौर पर H1N1 या स्वाइन फ्लू लिखे टीके की तलाश करने की जरूरत नहीं है. जो टीका लोगों को लगता है, वह सीजनल इन्फ्लूएंजा वैक्सीन है, जो उस सीजन में फैलने वाले वायरस से बचाने के लिए बनाई जाती है. H1N1 उन इन्फ्लूएंजा A स्ट्रेन में से एक है, जिसे वैक्सीन में शामिल किया जाता है.'तो स्वाइन फ्लू का टीका लगवाएं कब?इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आप भारत के किस हिस्से में रहते हैं...1. उत्तरी भारतवासियों के लिए अक्टूबरउत्तरी भारत के ठंडे इलाकों के लिए अक्टूबर का महीना सबसे सही माना जाता है. यहां सर्दियों में इन्फ्लूएंजा का प्रकोप बढ़ता है. केंद्र सरकार की एक एक्सपर्ट पैनल है, जिसमें ICMR, NCDC और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज के एक्सपर्ट्स शामिल हैं. इस पैनल ने पहली बार भारत में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समय सुझाए हैं. इसके मुताबिक:जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे सबसे ठंडे राज्यों के लिए अक्टूबर में टीका लगवाने की सलाह है.बाकी मुख्य भूमि भारत (ज्यादातर राज्य) के लिए मई-जून में टीका लगवाने का सुझाव है.तमिलनाडु जैसे राज्यों के लिए जुलाई का समय बताया गया है.2. अक्टूबर में टीका मिस करने पर घबराएं नहींअगर आपने अक्टूबर में टीका नहीं लगवाया, तो घबराएं नहीं. देर से लगवाना भी फायदेमंद हो सकता है. जब तक इन्फ्लूएंजा एक्टिव है, तब तक टीका लगवाना ठीक रहता है.3. अगर अभी (अगस्त-सितंबर) टीका लगवाएं तो?दिल्ली-NCR में H1N1 के मामले बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अगर आपने अभी तक सीजनल फ्लू का टीका नहीं लगवाया है, तो अभी लगवा लेना चाहिए.मशहूर साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने सलाह दी है कि अभी फ्लू का टीका लगवा लेना चाहिए, क्योंकि टीका लगने के बाद इम्युनिटी बनने में करीब दो हफ्ते लगते हैं.मैक्स हेल्थकेयर हॉस्पिटल में प्रिंसिपल डायरेक्टर और इंटरनल मेडिसिन के डॉ. आरएस मिश्रा कहते हैं, 'टीका लगवाना सबसे अच्छा है, मामले बढ़ने की उम्मीद से कम से कम दो हफ्ते पहले, क्योंकि शरीर को सुरक्षात्मक इम्युनिटी बनाने में लगभग दो हफ्ते लगते हैं.'क्या टीका 100% सुरक्षा देता है?नहीं. कोई भी इन्फ्लूएंजा का टीका 100% सुरक्षा नहीं देता. दरअसल वैक्सीन का असर करना इस बात पर निर्भर करता है कि वैक्सीन में मौजूद वायरस और मौसम में फैलने वाले वायरस में कितना मेल खाते हैं. व्यक्ति की उम्र और इम्यून रिस्पांस भी अहम रोल निभाती है.टीका लगवाने से गंभीर बीमारी, अस्पताल में भर्ती होने और जटिलताओं का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है. यहां तक कि तब भी जब टीका पूरी तरह से संक्रमण को रोक न पाए.NIH में छपी एक स्टडी के मुताबिक, टीके सबसे ज्यादा तब असर करता है, जब टीका लगवाने का समय फ्लू के चरम के साथ मेल खाता है. जिन स्टडीज में टीकाकरण का समय फ्लू के चरम से कई महीने पहले था, वहां कम असर पाया गया है. यही वजह है कि भारत जैसे बड़े देश में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समय सुझाए जा रहे हैं.टीका हर साल क्यों लगवाना चाहिए?एक्सपर्स्ट दो बड़ी वजहें बताते हैं:वायरस में बदलाव: इन्फ्लूएंजा वायरस लगातार आनुवंशिक बदलावों से गुजरता है. इस वजह से WHO हर साल वैक्सीन की संरचना को अपडेट करने की सिफारिश करता है.कम होती इम्युनिटी: पिछले साल का टीका या पिछली बीमारी से मिली सुरक्षा समय के साथ घटती जाती है. सालाना टीकाकरण से आपकी सुरक्षा ताजा और मौसम में फैलने वाले वायरस के खिलाफ कारगर साबित होती है.क्या पहले H1N1 हो चुका है तो टीका नहीं लगवाना चाहिए?नहीं, पहले H1N1 होने का मतलब यह नहीं कि आप भविष्य के सभी फ्लू वायरस से सुरक्षित हैं. आपको अभी भी सालाना टीका लगवाना चाहिए.अगर आपको हल्की सर्दी है, तो क्या टीका लगवा सकते हैं?हां, हल्की बीमारी टीका लगवाने में रोड़ा नहीं बनती. लेकिन अगर आप मध्यम या गंभीर रूप से बीमार हैं, तेज बुखार है या बहुत अस्वस्थ हैं , तो अपने डॉक्टर से टीके का समय तय करना बेहतर होता है.