जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के कांतो इलाके में रविवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें कम से कम 37 लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। जापान टाइम्स के मुताबिक, अधिकारियों ने लोगों को अगले एक हफ्ते तक इसी तरह के तेज भूकंप के लिए सतर्क रहने को कहा है। भूकंप का केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में था। यह जमीन से करीब 68 किलोमीटर नीचे आया। कई इलाकों में भूकंप के झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। भूकंप से जुड़ी 4 तस्वीरें… भूकंप के बाद ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई भूकंप के कारण कांतो इलाके में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। जापान टाइम्स के मुताबिक, रविवार सुबह कई ट्रेन लाइनों में देरी हुई। इनमें जोबान लाइन, केहिन-तोहोकू लाइन, शोनान-शिंजुकु लाइन, मुसाशिनो लाइन और चुओ-सोबू लाइन समेत कई दूसरी लाइनें शामिल हैं। टोक्यो के 23 वार्डों के साथ साइतामा और चिबा में लंबे समय तक चलने वाले झटके भी दर्ज किए गए। इसे लॉन्ग पीरियड ग्राउंड मोशन कहा जाता है। ऐसे झटकों में ऊंची इमारतें काफी देर तक हिल सकती हैं। इसके दूसरे स्तर पर लोगों को खड़े रहने में परेशानी हो सकती है और फर्नीचर या दूसरी चीजें हिलकर गिर सकती हैं। सोते समय घबराए लोग; घर में फर्नीचर गिरने से भी घायल हुए प्रांतीय अधिकारियों और फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के मुताबिक, पांच प्रांतों में लोग घायल हुए। टोक्यो में 15, साइतामा में 9, कानागावा में 8, चिबा में 4 और इबाराकी में 1 व्यक्ति घायल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर लोग सोते समय भूकंप से घबरा गए और बिस्तर से उठते हुए गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए। इनमें योकोहामा की रहने वाली 80 साल की एक महिला भी शामिल हैं, जो बिस्तर से गिर गईं और उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई। यह जानकारी योमिउरी अखबार ने दी। टोक्यो के पूर्वी इलाके ताइतो में खरीदारी कर रहे 23 साल के एक शख्स ने असाही अखबार को बताया कि भूकंप का अलर्ट बजने के कुछ सेकंड बाद उसे ऊपर-नीचे तेज झटका महसूस हुआ। उसने कहा कि इमारत हिलने के दौरान उसे डर था कि अलमारियों से गिरता सामान उसे चोट पहुंचा सकता है। प्रधानमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने को कहा भूकंप के बाद प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया पर बताया कि नुकसान का पता लगाने का काम जारी है। प्रधानमंत्री कार्यालय के क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर में एक संपर्क कार्यालय भी बनाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों तक समय पर सही जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने उन इलाकों के लोगों से खास तौर पर सतर्क रहने को कहा, जहां भूकंप के तेज झटके महसूस हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले एक हफ्ते में इसी तरह का एक और भूकंप आ सकता है। ---------------- यह खबर भी पढ़ें… पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया:कई इलाकों में झटके महसूस हुए, नुकसान की खबर नहीं पेरू के दक्षिणी हिस्से में गुरुवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप से नुकसान की कोई खबर नहीं मिली। पूरी खबर पढ़ें…