ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का बताया जा रहा एक बयान वायरल है. दावा है कि इस बयान में उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तारीफ और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है. कुछ लोग बोरिस जॉनसन के कथित बयान से जुड़ा ग्राफिक शेयर कर रहे हैं तो कुछ लोग एक वीडियो. वायरल हो रहा ग्राफिकपोस्ट का अर्काइव यहां देखें वायरल हो रहा वीडियोपोस्ट का अर्काइव यहां देखें वायरल वीडियो में क्या है ? : वायरल हो रहे 19 सेकंड के वीडियो में बोरिस जॉनसन पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से हुई बातचीत का जिक्र करते दिख रहे हैं. बोरिस ने बताया कि पंडित नेहरू ने उनसे कहा था कि भारत रूस के साथ रहेगा. क्या दावा सच है ? : नहीं, सोशल मीडिया पर किया जा रहा ये दावा सच नहीं है कि बोरिस जॉनसन ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी की आलोचना की. बोरिस जॉनसन ने यूनाइटेड किंगडम की पूर्व महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ प्रधानमंत्री नेहरू को लेकर हुई बातचीत का जिक्र जरूर किया था, लेकिन उन्होंने नेहरू की विदेश नीति की तुलना प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति से नहीं की. हमने ये सच कैसे पता लगाया ? : हमने वायरल वीडियो के कुछ फ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च किया, जिसके जरिए हमें The Economic Times के YouTube चैनल पर इस बातचीत का पूरा वीडियो मिला. बोरिस जॉनसन 22 अगस्त 2026 को आयोजित The Economic Times World Leaders Forum 2026 में बोल रहे थे. वायरल वीडियो में दिख रहा हिस्सा इस पूरे वीडियो में 30 मिनट पर देखा जा सकता है. उस वक्त बोरिस जॉनसन रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में बात कर रहे थे. दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए जॉनसन ने कहा,मैं एक बार इंग्लैंड की दिवंगत महारानी से कह रहा था कि हमारे लिए अपने भारतीय मित्रों को रूस के खिलाफ मजबूती से खड़े होने के लिए राजी करना कितना मुश्किल था. उन्होंने, अपनी मृत्यु से कुछ समय पहले, तुरंत कहा, ओह हां, मुझे याद है कि 1952 में जब मैं प्रधानमंत्री नेहरू से बात कर रही थी, तो उन्होंने कहा था, “महारानी, भारत मूल रूप से हमेशा रूस के पक्ष में रहेगा. कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं, वे जैसी हैं, वैसी ही रहती हैं.इसके बाद बोरिस जॉनसन ने इस बयान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया और रूस-यूक्रेन युद्ध के संभावित अंत को लेकर कुछ बातें कहीं, क्या उन्होंने पीएम मोदी की आलोचना की?: नहीं. पूरी बातचीत के दौरान जॉनसन ने कहीं भी पीएम मोदी के बारे में आलोचनात्मक या नकारात्मक टिप्पणी नहीं की. उन्होंने पीएम मोदी का जिक्र केवल दो बार किया. पहली बार उन्होंने एक दिन पहले दिए गए पीएम मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए उसे “शानदार” बताया और दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संदर्भ में पीएम मोदी का उल्लेख किया. निष्कर्ष: एक एडिटेड वीडियो को इस गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की तारीफ करते हुए पीएम मोदी की विदेश नीति की आलोचना की. (अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)