रिपोर्ट-UAE ने हमास हमले की चेतावनी 10 दिन पहले दी:कहा था- बहुत खून-खराबा होने वाला है, नेतन्याहू का जवाब- हम तैयार हैं

Wait 5 sec.

UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले से 10 दिन पहले इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बड़े हमले की चेतावनी दी थी। इजराइली अखबार हारेत्ज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होने कहा था कि इस हमले में बहुत खून-खराबा होगा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेतन्याहू ने इस चेतावनी पर शांत तरीके से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इजराइल किसी भी स्थिति के लिए तैयार है। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। PMO ने इसे पूरी तरह झूठ बताया है। UAE के विदेश मंत्रालय ने इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की चेतावनी दी थी रिपोर्ट के मुताबिक, बिन जायद ने कहा था कि हमले से बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती है और इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रपति बिन जायद ने अब्राहम समझौते पर खतरा होने की बात भी कही थी। अब्राहम अकॉर्ड 2020 में अमेरिका की पहल पर शुरू हुआ एक समझौता है। इसके तहत इजराइल ने कई अरब और मुस्लिम बहुल देशों के साथ संबंध सामान्य किए थे। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उस वक्त बिन जायद से बात नहीं की थी और UAE राष्ट्रपति से उन्हें कोई चेतावनी नहीं मिली थी। 7 अक्टूबर को हुआ था बड़ा हमला 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल में बॉर्डर एरिया पर एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान हमला किया था। इस हमले में करीब 1200 लोग मारे गए थे, जबकि 251 को बंधक बना लिया गया था। हमास ने इसे 'अल-अक्सा फ्लड' ऑपरेशन नाम दिया था। इसके जवाब में इजराइल ने कुछ घंटे बाद हमास के खिलाफ 'सोर्ड्स ऑफ आयरन' ऑपरेशन शुरू किया था। 2023 के हमास हमले की तस्वीरें… दावा पत्रकारों की किताब पर आधारित हारेत्ज की रिपोर्ट पत्रकार श्लोमी एल्डर और रूथ युवाल की नई किताब Kidnapped: 843 Days of Abandonment पर आधारित है। रिपोर्ट के मुताबिक, किताब के लिए राजनयिक सूत्रों से बातचीत की गई थी। इसमें UAE राष्ट्रपति के एक सलाहकार का भी हवाला दिया गया है, जिसे कथित तौर पर इस बातचीत की सीधी जानकारी थी। अन्य रिपोर्टों के मुताबिक, इस जांच में अधिकारियों के बयान, रिकॉर्डिंग, आंतरिक दस्तावेज और पत्राचार भी शामिल हैं। ------------------- यह खबर भी पढ़ें… 8 मुस्लिम देशों ने इजराइली मंत्रियों की निंदा की: गाजा खाली कराने को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया, कहा- इससे शांति को खतरा 8 मुस्लिम बहुल देशों ने रविवार को इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर के बयानों की कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने गाजा से फिलिस्तीनियों को हटाने की योजना बनाने की बात कही थी। पूरी खबर पढ़ें…