सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग सड़क किनारे कुरान पढ़ते हुए दिख रहे हैं. 11 सेकंड के इस वीडियो में कई लोग कुरान की तिलावत (पाठ) करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि वर्दी पहने हुए कुछ लोग उनके पास टहलते नजर आते हैं.दावा: इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि इसमें नेपाल में आई बाढ़ के बाद मुसलमानों को कुरान पढ़ते हुए दिखाया गया है. इस पोस्ट का आर्काइव यहां देखें( ऐसे ही दावा करने वाले अन्य पोस्ट का आर्काइव आप यहां और यहां देख सकते हैं. )क्या यह दावा सही है ? नहीं, यह दावा सही नहीं है. यह वीडियो नेपाल का नहीं बल्कि किर्गिस्तान का है. इस वीडियो का नेपाल में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है. किर्गिस्तान की केगेटी घाटी में छह साल का एक बच्चा लापता हो गया था. जिसके बाद एक बचाव अभियान चलाया गया था और इसके साथ ही गांव के एक हाफिज (धर्मगुरु) ने बच्चे की हिफाजत के लिए कुरान का पाठ किया था. हमने सच का पता कैसे लगाया ? हमने इस वायरल वीडियो पर गूगल रिवर्स इमेज सर्च ऑप्शन का इस्तेमाल किया. जिससे हमें पता चला कि यही वीडियो नेपाल में बाढ़ आने से तकरीबन दो महीने पहले, 25 जून 2026 को 'sez1lllmka' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया गया था. इस इंस्टाग्राम पेज के BIO सेक्शन में लिखा था, "किर्गिज गणराज्य का आपातकालीन स्थिति मंत्रालय | चुई क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति मंत्रालय की प्रेस सेवा."इस पोस्ट को यहां देखा जा सकता है. हमने देखा कि इसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ अन्य वीडियो (यहां और यहां ) भी पोस्ट किए गए थे, जिनमें वैसी ही वर्दी पहने हुए लोग दिखाई दे रहे थे जैसी वायरल फुटेज में देखे जा सकते हैं. इन वीडियो में साफ तौर पर उन लोगों द्वारा पहनी गई लाइफ जैकेट पर 'किर्गिजस्तान रेस्क्यू' लिखा हुआ दिखाई दे रहा है.इमेज सर्च ऑप्शन की मदद से हमने पाया कि 26 जून को किर्गिज मीडिया आउटलेट के फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें वायरल क्लिप से मेल खाते हुए दृश्य दिखाई दे रहे थे. इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया था कि, "किर्गिस्तान की केगेटी गॉर्ज में एक गाड़ी के नदी में गिरने के बाद छह साल का एक लड़का बह गया था. कजाकिस्तान, रूस और अन्य जगहों से वॉलंटियर्स इस सर्च अभियान में शामिल हुए हैं. बिर्डिक गांव में हाफिज कुरान का पाठ कर रहे हैं और लड़के के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहे हैं." (अनुवादित)यहां से अंदाजा लेकर हमने इससे संबंधित कीवर्ड्स सर्च किया और हमारी सर्च में हमें यह न्यूज रिपोर्ट मिली जिसमें घटना की जानकारी देते हुए बताया गया था कि, "23 जून को किर्गिस्तान के चुय इलाके में एक कार केगेटी नदी में गिर गई. कार में दो महिलाएं और पांच बच्चे सवार थे. दो महिलाएं और तीन बच्चे तो कार से बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन दो बच्चे अंदर ही फंसे रह गए. बचाव दलों ने 12 साल की एक लड़की का शव पहले ही निकाल लिया था." (अनुवादित )हालांकि, 26 जून को 6 साल के लड़के का शव भी बरामद कर लिया गया था.नेपाल में बाढ़ आने की घटना अगस्त 2026 में हुई है जबकि यह वीडियो इंटरनेट पर उससे कुछ महीने पहले से 26 जून 2026 से मौजूद है. निष्कर्ष: किर्गिस्तान में कुरान पढ़ने के वीडियो को नेपाल की बाढ़ से जोड़कर भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है. (अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)नेपाल में आई बाढ़ के दौरान 4000 साल पुराने 'शालिग्राम' मिलने का दावा गलत