SIR को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार पर केजरीवाल का हमला:कहा- मुख्य चुनाव आयुक्त पर चले देशद्रोह का केस; दिल्ली, बिहार समेत सभी चुनाव रद्द हों

Wait 5 sec.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। केजरीवाल ने इसे आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला करार देते हुए आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह वोटों की चोरी करके चुनाव जीत रहे हैं। केजरीवाल ने मांग की है कि वोट चोरी के सरगना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत गिरफ्तार कर उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ सालों में हुए सभी विधानसभा चुनाव रद्द कर दोबारा कराए जाएं। ईसी की बिना मंजूरी चल रहे आदेश: केजरीवाल आगे केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार चुनाव आयोग तीन सदस्यों से बनता है और फैसले बहुमत या सर्वसम्मति से होते हैं। लेकिन ज्ञानेश कुमार अकेले ही असंवैधानिक तरीके से आयोग चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग की मंजूरी के बिना आदेश जारी होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सुखबीर संधू ने अक्टूबर 2025 और अप्रैल 2026 में चिट्ठी लिखकर बिना मंजूरी आधिकारिक पत्र जारी करने पर आपत्ति जताई थी। एसआईआर प्रक्रिया से काटे गए 13 करोड़ वोट केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गैर-कानूनी तरीके से चलाए गए एसआईआर प्रोसेस के तहत देश भर में 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट से डिलीट कर दिए गए। कानूनन वोट जोड़ने या काटने का अधिकार सिर्फ स्थानीय एसडीएम को है, लेकिन उनसे यह अधिकार छीनकर दिल्ली में बैठे कुछ लोगों को दे दिया गया है। केजरीवाल ने मांग रखते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए और फॉर्म-6 में किए गए गैर-कानूनी बदलावों को खारिज कर पुरानी वोटर लिस्ट लागू हो। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए। आगे केजरीवाल ने मांग रखी कि दिल्ली, बिहार समेत पिछले कुछ सालों में हुए राज्यों के चुनाव रद्द कर फिर से कराए जाएं।