पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि तालिबान से दोस्ती करना पाकिस्तान की बहुत बड़ी गलती थी। पाकिस्तान अब उसका नतीजा भुगत रहा है। न्यूयॉर्क में एक अफगान महिला पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने यह कहा। महिला पत्रकार ने ख्वाजा आसिफ से पूछा था कि अफगान महिलाओं को लेकर तालिबान की नीतियों पर आपका क्या संदेश है? पाकिस्तान ने शुरुआत में ही तालिबान को महिलाओं के अधिकारों के बारे में क्यों नहीं समझाया। इसके जवाब में आसिफ ने उसके कपड़ों की ओर इशारा किया और फिर गला कटने का इशारा करते हुए कहा- ‘वहां ऐसे मत जाना।’ पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का गला काटने का इशारा और तालिबान के साथ दोस्ती को गलती बताने का वीडियो वायरल है। कुछ लोग गंभीर सवालों का जवाब हंसी मजाक में देने को लेकर भी पाक रक्षा मंत्री की आलोचना कर रहे हैं। पाकिस्तान तालिबान से दोस्ती को गलती क्यों बता रहा? 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने पर पाकिस्तान ने उसे अपने लिए फायदेमंद माना था। लेकिन बाद में दोनों देशों के रिश्ते लगातार बिगड़ते गए। पाकिस्तान का आरोप है कि TTP के लड़ाके अफगानिस्तान में ठिकाने बनाकर पाकिस्तान में हमले करते हैं। तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच डूरंड लाइन को लेकर भी पुराना विवाद है। सीमा पर बाड़ लगाने, चौकियां बनाने और आवाजाही को लेकर कई बार दोनों तरफ के सैनिकों में झड़पें हुई हैं। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 जगहों पर हमले किए थे पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 जगहों पर हवाई और ड्रोन हमले किए थे। पाकिस्तान का कहना है कि ये हमले एक दिन पहले अफगानिस्तान से भेजे गए ड्रोन के जवाब में किए गए। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, वहां ड्रोन रखे और लॉन्च किए जाते थे। उनके मुताबिक, कार्रवाई सिर्फ उन ठिकानों तक सीमित थी, जिनका पाकिस्तान पर हुए हमलों से संबंध था। वहीं, अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि हमलों में 4 अफगान नागरिकों की मौत हुई है। उन्होंने इसे खुली आक्रामकता और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को इस कार्रवाई के ‘गंभीर नतीजे’ भुगतने की चेतावनी भी दी। ------------------------ यह खबर भी पढ़ें… पाकिस्तानी PM की धमकी- पानी रोकना जंग जैसा: UN में शहबाज बोले- कश्मीर गले की नस पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को UN में भारत को जंग की धमकी दी। उन्होंने कहा कि भारत सिंधु नदी का पानी न रोके। पूरी खबर यहां पढ़ें…