पाकिस्तान में पुलिस चौकी के पास आत्मघाती हमला:11 की मौत, पाकिस्तानी तालिबान ने जिम्मेदारी ली; इस साल 900 से ज्यादा आतंकी हमले हुए

Wait 5 sec.

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शनिवार को आत्मघाती हमले में कम से कम 11 लोग मारे गए। साथ ही धमाके में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में सड़क किनारे बनी पुलिस चौकी पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन में धमाका किया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है। धमाके के कुछ देर बाद तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने एक बयान जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली है। TTP और अफगान तालिबान अलग-अलग संगठन हैं, लेकिन दोनों के बीच करीबी संबंध हैं। पाकिस्तान में जनवरी से अब तक 990 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इनमें 1,129 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस चौकी पर हुए धमाके की 4 तस्वीरें… पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ है तहरीक-ए-तालिबान 2001 में अमेरिका के अफगानिस्तान पर हमले के बाद पाकिस्तान ने अमेरिका का साथ दिया। इससे TTP नाराज हो गया, वह इसे इस्लाम के खिलाफ मानता था। TTP का मानना है कि पाकिस्तान सरकार सच्चा इस्लाम नहीं मानती है, इसलिए वो उसके खिलाफ हमला करता है। TTP का अफगान तालिबान के साथ गहरा जुड़ाव है। दोनों समूह एक-दूसरे को समर्थन देते हैं। 2021 में अफगान तालिबान के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान ने TTP को निशाना बनाकर अफगानिस्तान में हमले किए। PAK ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने कहा कि ये हमले अफगानिस्तान से एक दिन पहले हुए ड्रोन हमलों के जवाब में किए गए हैं। तारड़ के मुताबिक, इन 10 जगहों का इस्तेमाल ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इन ठिकानों की पहचान की गई और सटीक तरीके से हमलों को अंजाम दिया गया। 5 दिन पहले भी हुई थी एयरस्ट्राइक सोमवार को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने दावा किया था कि इसमें 28 आतंकी मारे गए। वहीं, अफगान अधिकारियों ने कहा था कि हमले में कम से कम 3 नागरिकों की मौत हुई और 4 घायल हुए। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के मुताबिक बुर्किना फासो के बाद पाकिस्तान दुनिया का दूसरा सबसे आतंक प्रभावित देश बन चुका है, जबकि 2024 में यह चौथे स्थान पर था। ---------------------- ये खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 8 पुलिसकर्मियों समेत 19 की मौत: खैबर पख्तूनख्वा में युवक ने थाने में जाकर ब्लास्ट किया पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती हमला हुआ। इसमें 8 पुलिसकर्मी समेत 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें…