पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में जांच के दौरान कई नए खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, जून की गर्मी में हूडी पहनकर लोहगढ़ किले पर घूम रहा एक युवक हत्या के केस को सुलझाने सबसे अहम सुराग बना। युवक किले पर केतन अग्रवाल (26) और उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) का पीछा कर रहा था। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी (22) के रूप में हुई। पुलिस ने इसी फुटेज को आधार बनाकर जांच की कड़ियां जोड़ीं। शुरुआत में यह मामला ट्रेकिंग के दौरान हुए हादसे का माना गया था। लेकिन सिया और उसके बॉयफ्रेंड के बीच घंटों फोन पर बातचीत और हजारों कॉल रिकॉर्ड ने पुलिस का शक पक्का कर दिया। 18 जून को लोहागढ़ किले से गिरकर केतन की मौत हो गई थी। सिया और केतन की फरवरी में सगाई हुई थी। नवंबर में उनकी शादी होनी थी। घटना वाले दिन सिया और केतन ट्रेकिंग के लिए लोहगढ़ किला गए थे। सिया ने परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने भी पहले हादसा मानकर केस दर्ज किया था। जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि किले के टिकट काउंटर पर लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान हमें केतन और सिया साथ चलते दिखाई दिए। फुटेज को ध्यान से देखने पर पुलिस ने पाया कि दोनों से कुछ दूरी पर एक युवक भी चल रहा था। उसने शॉर्ट्स और हूडी पहन रखी थी। युवक ने हूडी को इतना नीचे खींच रखा था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। इसके ऊपर उसने हेडसेट भी लगा रखा था। एक दूसरी फुटेज में हमने देखा कि सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हूडी पहना युवक झट से बैठ जाता है। बाद में पुलिस ने उस दिन के तापमान की जांच की तो पता चला कि 18 जून को उस समय 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। ऐसे में सवाल उठा कि इतनी गर्मी में कोई हूडी क्यों पहनेगा। अधिकारी ने बताया कि परिवार शोक में था, इसलिए शुरुआत में ज्यादा पूछताछ नहीं की गई। फिर जांच के दौरान केतन के चाचा ने बताया कि सिया पहले भी शादी को लेकर संकोच जता चुकी थी और एक बार शादी एक साल टालने की बात भी कह चुकी थी। केतन की बहन संजना और अन्य परिजनों से पता चला कि सिया कई बार केतन को लोहागढ़ किले ले जाने की जिद कर चुकी थी। 31 मई को वह उसे वहां ले गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने वहां जाने के लिए कहा, लेकिन केतन की मां ने इजाजत नहीं दी। पुलिस के अनुसार, सिया और उसका बॉयफ्रेंड चेतन, बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे। हालांकि आखिरी समय में ट्रिप कैंसिल हो गई क्योंकि केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। पुलिस को शक है कि सिया ने ही पासपोर्ट चुराया था। इसके बाद सिया ने 14 जून को फिर लोहागढ़ जाने की जिद की। पुलिस के अनुसार, सिया ने उसी दिन उसने केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ी पकड़कर बच गया।जब केतन ने पूछा कि उसे धक्का क्यों दिया गया, तो सिया ने सांप दिखने का नाटक दिया और ऐसा दिखाया कि उसने केतन की जान बचाई है। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व डिजिटल कम्युनिकेशन डेटा की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सिया और बॉयफ्रेंड चेतन के बीच लंबे समय से लगातार बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच हजारों कॉल रिकॉर्ड मिले, जिनमें कई बातचीत घंटों तक चली थीं। अधिकारी ने बताया, दोनों के बीच गहरे संबंध के संकेत मिले। इसके बाद हमने चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की। जब उनकी तुलना CCTV फुटेज में दिख रहे हूडी वाले युवक से की गई तो शक और मजबूत हो गया। फिर पुलिस ने चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में चेतन से जब पूछा गया कि सिया और तुमने भागकर शादी क्यों नहीं की। इस पर उसने बताया कि सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे लगता था कि इससे उसके परिवार की बदनामी होगी। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया।