एअर इंडिया का विमान PAK एयरस्पेस में घुसा:दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ा, तकनीकी खराबी से रास्ता भटका, पाकिस्तान ने चेतावनी देकर लौटाया

Wait 5 sec.

एअर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार रात रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा घुसी। इसे पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी देकर वापस भेजा। विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी और इसे अमृतसर लैंड होना था। पाकिस्तान के एयर स्पेस से जब फ्लाइट लौटी तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था, ऐसे में इसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण यह फ्लाइट रास्ता भटक गई थी। मामले की जांच की जा रही है। इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की भी पैसेंजर फ्लाइट फ्लाई जिन्ना-9P514 खराब मौसम के कारण भारतीय एयरस्पेस में घुस आई थी। लाहौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद फ्लाइट रास्ता भटक गई थी। हालांकि, तकनीकी गड़बड़ी का अंदेशा होते ही फ्लाइट को वापस पाकिस्तानी एयरस्पेस में लाया गया। 3 मिनट की देरी से उड़ा था विमान एयरपोर्ट अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक, एयरबस AI-321 विमान ने सोमवार रात 9 बजकर 18 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरी थी। यह विमान अपने तय समय से 3 मिनट देरी से उड़ा था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आई। विमान को रात 10 बजकर 30 मिनट पर अमृतसर में लैंड होना था, लेकिन यह रूट से भटक गया और पाकिस्तान के एयर स्पेस में जा घुसा। इस बात का पता पायलट को भी तब लगा, जब पाकिस्तान एयर ट्रैफिक अथॉरिटी से विमान को चेतावनी मिलने लगी। अमृतसर वापस आया तब तक रनवे बिजी हो गया इस घटना के तुरंत बाद पायलट ने विमान का रास्ता बदला और यू-टर्न लेकर वापस भारत के एयरस्पेस में आया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। समय निकल जाने के बाद विमान अमृतसर की सीमा में पहुंचा, लेकिन ट्रैफिक बढ़ने से विमान को उतरने की परमिशन नहीं मिली। एयरपोर्ट कंट्रोल रूम से विमान को वापस दिल्ली जाने के निर्देश मिले। इसके बाद विमान वापस दिल्ली गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। करीब 2 घंटे बाद दोबारा अनुमति मिलने पर विमान ने अमृतसर के लिए फिर से उड़ान भरी और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 4 घंटे की देरी से 2 बजकर 20 मिनट पर अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मामले में ये जानकारी दी पंजाब-चंडीगढ़ में हाल में ये विमान दुर्घटनाएं हुईं चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में धमाका और धुआं 6 मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगड़ एयरपोर्ट पर उतरी इंडिगो की फ्लाइट (6E 108) के रनवे पर लैंड करते ही केबिन के पिछले हिस्से में अचानक धुआं भर गया। जांच में पता चला कि एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट हुआ था। विमान में मची अफरातफरी और इमरजेंसी स्लाइडर से यात्रियों को बाहर निकालने के दौरान 5 से 6 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया। बठिंडा में सैन्य विमान दुर्घटना पंजाब के बठिंडा जिले के अकलियां कलां गांव में 7 मई 2025 रात करीब 1:30 बजे एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गेहूं के खेतों में गिर गया। विमान गिरने के बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। इस हादसे में मलबे की चपेट में आने और आग बुझाने की कोशिश के दौरान 2 नागरिकों की मौत हो गई और 9 अन्य लोग घायल हो गए। पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में कामयाब रहा था। अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग 13 जून 2025 को भारतीय वायु सेना (IAF) के एक अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण पठानकोट जिले के एक गांव के खुले खेतों में एहतियातन उतारना पड़ा। इस घटना में हेलीकॉप्टर और चालक दल दोनों पूरी तरह सुरक्षित रहे और कोई नुकसान नहीं हुआ। ------------------------------------ यह खबर भी पढ़ें… चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही फ्लाइट में हंगामा, यात्री ने मुक्के मारकर शीशा तोड़ा चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट (AI-1879) में एक पैसेंजर ने बीच हवा में ही हंगामा शुरू कर दिया। यात्री ने फ्लाइट की विंडो का शीशा भी तोड़ दिया। उसने फ्लाइट क्रू के साथ बदतमीजी की। इसके बाद क्रू ने उसे संभाला और फ्लाइट लैंड होते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…