मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने गोरेगांव में कार्रवाई कर 750 ग्राम हेरोइन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में 20 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। नारकोटिक्स सेल की डीसीपी पूर्णिमा चौगुले श्रींगी ने बताया कि फिलहाल मामले में एक ही गिरफ्तारी हुई है। अभी तक आरोपी के किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि इस पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… यूपी राजीव बने विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर के नए डायरेक्टर, रॉकेट कंट्रोल और गाइडेंस सिस्टम के एक्सपर्ट भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सीनियर साइंटिस्ट डॉ. यू.पी. राजीव को विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) का नया डायरेक्टर बनाया है। वह फिलहाल VSSC में एसोसिएट डायरेक्टर (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) हैं। अब वह भारत की लॉन्च व्हीकल तकनीक विकसित करने वाले इस प्रमुख सेंटर की कमान संभालेंगे। ISRO के मुताबिक, डॉ. राजीव को रॉकेट कंट्रोल और गाइडेंस सिस्टम में कई दशकों का अनुभव है। उन्होंने ISRO के कई प्रमुख लॉन्च व्हीकल मिशनों के डिजाइन और सिमुलेशन में अहम भूमिका निभाई है। डॉ. यू.पी. राजीव केरल के कोल्लम जिले के पथानापुरम के रहने वाले हैं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में इंजीनियरिंग की। इसके बाद NIT कालीकट से इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल सिस्टम्स में पोस्टग्रेजुएशन और IISc बेंगलुरु से पीएचडी की। अमित शाह बोले- 3 साल में ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ देंगे, ₹6,000 करोड़ के 2.09 लाख किलो नशीले पदार्थ नष्ट होंगे गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अगले तीन साल में ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क पर ऐसा प्रहार करेगी कि वह दशकों तक उबर नहीं पाएगा। उन्होंने शुक्रवार को 'ऑनलाइन ड्रग्स डिस्पोजल फोर्टनाइट कैंपेन' की शुरुआत की। शाह ने कहा कि अभियान के तहत 6,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के 2,09,500 किलोग्राम नशीले पदार्थ नष्ट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्रवाई 'डिटेक्ट, डिसरप्ट और डिस्ट्रॉय' रणनीति के तहत होगी। गृह मंत्री ने कहा कि एजेंसियां डार्कनेट, हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होने वाली ड्रग्स तस्करी पर नजर रखेंगी। साथ ही तस्करों के सोर्स, ट्रांजिट रूट, फंडिंग और पूरे नेटवर्क को निशाना बनाया जाएगा। अवैध अफीम की खेती और छिपी हुई ड्रग लैब्स के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाएगा। अमरनाथ यात्रा में 24 घंटे मौसम पर नजर, 4 डॉप्लर रडार लगाए गए; 3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मौसम निगरानी और आपदा प्रबंधन के इंतजाम मजबूत किए हैं। यात्रा मार्ग पर 4 डॉप्लर वेदर रडार लगाए गए हैं, जो खराब मौसम की रियल टाइम जानकारी देंगे। साथ ही 25 संवेदनशील जगहों पर 45 माउंटेन रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रडार नेटवर्क बादल फटने, भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं जैसी घटनाओं का पहले से पता लगाएगा। मौसम विभाग की चेतावनी कंट्रोल सेंटर, कैंप कमांडरों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों तक तुरंत पहुंचाई जाएगी। यात्रियों को बालटाल और नुनवान बेस कैंप में भी मौसम की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां NDRF, SDRF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। 2022 में अमरनाथ गुफा के पास आई फ्लैश फ्लड के बाद इस बार सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। CBSE ने 7वीं-9वीं के छात्रों को राहत, 10वीं तक विदेशी भाषा पढ़ सकेंगे CBSE ने कक्षा 7 से 9 तक के उन छात्रों को राहत दी है, जिन्होंने तीन-भाषा नीति के तहत दो विदेशी भाषाएं चुनी हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे छात्र 10वीं तक अपना मौजूदा भाषा संयोजन जारी रख सकेंगे। इससे पहले CBSE ने 1 जुलाई से 9वीं में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए कम से कम दो भारतीय भाषाओं सहित तीन भाषाएं पढ़ना अनिवार्य किया था। इस फैसले को लेकर कई छात्र और अभिभावक कोर्ट पहुंचे थे।