ओडिशा पुलिस ने कोरापुट जिले के जंगलों में छिपाकर रखे गए माओवादियों के हथियार और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली सूचना के आधार पर की गई। कोरापुट के पुलिस अधीक्षक (SP) रोहित वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आत्मसमर्पित माओवादियों ने बैपारिगुड़ा थाना क्षेत्र के बदलीपहाड़ जंगल में छिपाए गए एक गुप्त ठिकाने की जानकारी दी थी। सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने वहां से एक INSAS राइफल, छह देशी बंदूकें, 18 किलोग्राम क्लेमोर माइंस, सात टिफिन बम और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री माओवादी गतिविधियों में इस्तेमाल के लिए छिपाकर रखी गई थी। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि यह हथियार कब और किस उद्देश्य से वहां जमा किए गए थे। आज की अन्य बड़ी खबरें… TMC के बागी नेताओं ने बनाई नई वर्किंग कमेटी; ममता की जगह अरूप रॉय अध्यक्ष बने, अभिषेक को महासचिव पद से हटाया पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद का सबसे बड़ा उलट फेर सोमवार को हुआ। तृणमूल कांग्रेस से इसकी संस्थापक ममता बनर्जी को ही बागियों ने बेदखल कर दिया है। ममता बनर्जी को हटाकर अरूप रॉय को चेयरमैन पद की कमान सौंप दी गई है। बागियों ने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को महासचिव पद से हटा दिया है। कोलकाता के मेयर रहे फिरहाद हाकिम, अरूप विश्वास, रथीन घोष को उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि 30 लोगों की कमेटी में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी, संदीपन और जावेद खान महासचिव होंगे। सूत्रों के मुताबिक, मीटिंग में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई और उसे मंज़ूरी दी गई। सूत्रों ने आगे बताया कि कमेटी ने इस बारे में एक प्रस्ताव पास किया और मौजूद सभी सदस्यों ने उस दस्तावेt पर साइन किए। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति ने 17 में से 16 सीटें जीतीं, बागी के चलते नासिक सीट हारी महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की। सोमवार को घोषित नतीजों में गठबंधन ने 17 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज की। इन सीटों के लिए वोटिंग 18 जून को हुई थी। वोटिंग से पहले ही महायुति के छह उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके थे, जिससे गठबंधन को शुरुआती बढ़त मिल गई थी। बीजेपी को सबसे ज्यादा फायदा हुआ और उसने 11 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना (शिंदे) ने तीन और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) ने दो सीटें हासिल कीं। सिर्फ नासिक की सीट महायुति के आधिकारिक उम्मीदवार के खाते में नहीं गई है। क्योंकि वहां निर्दलीय उम्मीदवार और BJP के बागी गोकुल गीते ने शिवसेना के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को हराया। तमिलनाडु की सीफूड फैक्ट्री में गैस रिसाव, मरने वालों की संख्या 5 हुई तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में एक निजी फिश मील निर्यात फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि रातभर में तीन और महिलाओं की मौत हो गई। इससे पहले 21 जून की शाम तक दो मौतें दर्ज की गई थीं। हादसा 21 जून को पेरियापालयम के पास कन्निगाइपैर गांव में स्थित फैक्ट्री की उत्पादन इकाई में हुआ था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, नियमित कामकाज के दौरान हुए इस रासायनिक हादसे से कुल 74 लोघ घायल हैं। आंध्र प्रदेश में बस और ट्रक की टक्कर, 2 की मौत आंध्र प्रदेश के कडप्पा में सोमवार तड़के APSRTC की बस और एक ट्रक की टक्कर में एक बच्चे और एक छात्र की मौत हो गई। हादसे में 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, बस में उस समय करीब 27 यात्री सवार थे। यह दुर्घटना रात करीब 1 बजे से 1:15 बजे के बीच पुल्लमपेटा क्षेत्र के उदुमुवारीपल्ली गांव के पास हुई। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल यात्रियों को इलाज के लिए राजमपेट सरकारी अस्पताल और दूसरे चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया। हैदराबाद के गोदाम में केमिकल विस्फोट, 1 की मौत हैदराबाद के मीरपेट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पास एक गोदाम में अचानक हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आदिबटला के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) डीवी प्रदीप कुमार रेड्डी के अनुसार, यह धमाका इवेंट डेकोरेशन स्टोर करने वाले एक गोदाम के भीतर हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के रहने वाले अनूप प्रधान के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, गोदाम में रखे एक ऑर्गेनिक केमिकल में विस्फोट होने की वजह से अनूप की मौके पर ही मौत हो गई। वह हाल ही में मजदूरी के काम के सिलसिले में हैदराबाद आया था। कर्ज लेने के लिए गलत जानकारी देने का आरोप, 62.42 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड केस में CBI जांच मुंबई की एक फर्म और उसके साझेदारों पर बैंकों को गलत वित्तीय जानकारी देकर ज्यादा कर्ज लेने का आरोप लगा है। CBI ने इंडिया बैंक को 62.42 करोड़ रुपए के नुकसान के मामले में केस दर्ज किया है। एजेंसी ने फर्म, उसके साझेदारों, अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ जांच शुरू की है। CBI के मुताबिक, मामला 18 जून को मुंबई के इंडिया बैंक की SAM शाखा की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में वन वर्ल्ड सोर्सिंग और उसके साझेदार आशिमा मनोज खुशालानी तथा राकेश कुमार सिंह को आरोपी बनाया गया है। तुषार मेहता 2029 तक रहेंगे सॉलिसिटर जनरल, सरकार ने 3 साल कार्यकाल बढ़ाया केंद्र सरकार ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का कार्यकाल एक बार फिर तीन साल के लिए बढ़ा दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उनकी 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2029 तक पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी है। मेहता अक्टूबर 2018 में पहली बार सॉलिसिटर जनरल बने थे। इसके बाद उनका कार्यकाल पहले दो बार बढ़ाया जा चुका है और अब उन्हें लगातार तीसरी बार तीन साल का विस्तार मिला है। मेहता केंद्र सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक अदालतों में पैरवी करने वाले प्रमुख कानून अधिकारियों में शामिल हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370, राष्ट्रीय सुरक्षा, चुनाव सुधार, डिजिटल नियमन और केंद्र-राज्य विवादों से जुड़े कई अहम मामलों में सरकार का पक्ष रखा है। मुंबई में 250kmph की स्पीड से BMW डिवाइडर से टकराई, 2 की मौत मुंबई के बदलापुर में मुंबई-वडोदरा हाईवे पर एक BMW कार के डिवाइडर से टकराने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय कार की रफ्तार लगभग 250 किलोमीटर प्रति घंटा थी। कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए।