नवरात्र और रामलीला से भक्ति-शक्ति के रंग में रंगी दिल्ली:त्योहारी सीजन में 2.5 लाख करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद

Wait 5 sec.

शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही दिल्ली भक्ति, शक्ति, उल्लास और उमंग के रंगों में रंग गई है। रविवार सुबह झंडेवाला, कालकाजी और छतरपुर मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में मां शैलपुत्री के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं, नवरात्र, दुर्गा पूजा और रामलीला के आयोजनों के साथ बाजारों में भी त्योहारी रौनक लौट आई है। कारोबारियों को आगामी त्योहारों से व्यापार में तेजी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दिल्ली व्यापार महासंघ के अनुसार, नवरात्र, दुर्गा पूजा, दशहरा, करवा चौथ, दीपावली, भाई दूज, छठ महापर्व, गुरु नानक जयंती और क्रिसमस तक चलने वाले त्योहारी सीजन में दिल्ली के बाजारों में करीब 2.5 लाख करोड़ रुपए के कारोबार की संभावना है। शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों और आंदोलन की चेतावनियों से कारोबारियों के बीच बनी आशंकाओं के बाद रविवार को बाजारों में गतिविधियां सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई। त्योहारी कारोबार से लाखों लोगों को मिलेगा रोजगार दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बवेजा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि त्योहारी कारोबार दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ लाखों व्यापारियों, कर्मचारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की आजीविका का आधार बनेगा। उन्होंने विपक्षी राजनीतिक दलों और संगठनों से अपील की कि त्योहारों के महत्वपूर्ण समय में ऐसे आंदोलन, धरने और प्रदर्शन न किए जाएं, जिनसे बाजारों की आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हों। महासंघ ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी वजह से व्यापार, रोजगार और आम लोगों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संगठन ने दिल्ली सरकार और पुलिस प्रशासन से बाजारों में सुरक्षा, सुचारू यातायात और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने दी चेतावनी शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने झंडेवाला मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने दिल्ली सहित देशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने हालिया प्रदर्शनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर आम जनता को परेशान करना और शहर की व्यवस्था बाधित करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली को किसी भी कीमत पर बंधक नहीं बनने दिया जाएगा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। देश की तरक्की में बाधा डालने वालों पर साधा निशाना रेखा गुप्ता ने कहा कि जो लोग देश की प्रगति से खुश नहीं हैं और ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो, उन्हें सद्बुद्धि मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती जरूरी है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और राजधानी में शांति बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।