दिलजीत दोसांझ ने बदली दिल्ली कॉन्सर्ट की डेट:सिख विरोधी दंगों की बरसी के चलते फैसला, अब दो दिन पहले होगा

Wait 5 sec.

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदल दी गई है। पहले यह शो 1 नवंबर को होना था, लेकिन पंजाबी प्रमोशन काउंसिल की अपील के बाद अब इसे 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। दिलजीत ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। तारीख बदलने की अपील 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए की गई थी। पंजाबी प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने दिलजीत और उनकी टीम को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट की तारीख बदलने का अनुरोध किया था। पंजाबी प्रमोशन काउंसिल ने लिखा था पत्र काउंसिल ने अपने पत्र में कहा था कि 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय के कई परिवारों के लिए दर्दनाक यादों से जुड़ा है। 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिख-विरोधी दंगे भड़के थे। इस इन दंगों की यादें आज भी पीड़ित परिवारों और सिख समुदाय के लिए संवेदनशील हैं। काउंसिल ने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाबी संगीत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। साथ ही स्पष्ट किया कि इस अपील का मकसद उनके संगीत, उपलब्धियों या कॉन्सर्ट का विरोध करना नहीं है। काउंसिल ने उनसे केवल यह विचार करने का अनुरोध किया था कि 1 नवंबर को कार्यक्रम आयोजित होने से पीड़ित परिवारों और सिख समुदाय की भावनाओं पर क्या असर पड़ सकता है। खबर को हम अपडेट कर रहे हैं….