पनामा में भूकंप के दौरान एक शख्स जान की परवाह किए बिना शराब की बोतलें बचाता नजर आया। भूकंप के झटकों से दुकान का सामान हिलने लगा, लेकिन वह बोतलों को संभालने में जुटा रहा। इस दौरान कुछ बोतलें गिर कर टूट गईं। पनामा में स्थानीय समय के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र राजधानी पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दूर अजुएरो प्रायद्वीप में था। भूकंप में अब तक 27 लोगों के घायल होने की खबर हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। पिछले 18 घंटे में यहां 100 से आफ्टरशॉक (झटके) आ चुके हैं। पनामा में आए भूकंप से जुड़ी 4 तस्वीरें चर्च का घंटाघर गिरा, सड़कों पर आईं दरारें पनामा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस समेत कई प्रांतों में नुकसान हुआ। पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिर गया और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। वेरागुआस में सड़कों पर दरारें आने की खबरें भी सामने आईं। नागरिक सुरक्षा सेवा के अधिकारी के मुताबिक, कई लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति पेनोनोमे में मलबे की चपेट में आने से घायल हुआ। 9 देशों में सुनामी का अलर्ट भी जारी हुआ था भूकंप के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया। पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय क्षेत्रों में संभावित खतरे की चेतावनी दी गई। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, बाद में पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए सुनामी की चेतावनी हटा ली गई। अल सल्वाडोर और चिली के ईस्टर आइलैंड के लिए जारी अलर्ट भी हटा दिए गए। पनामा यूनिवर्सिटी के नेस्टर लुके ने बताया कि इस्ला कानास और लॉस सैंटोस के दक्षिणी तट के पास 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका थी। इस्ला कानास में समुद्र का पानी कुछ घरों तक पहुंचने की खबर भी सामने आई। दो मेट्रो लाइनों के साथ एयरपोर्ट कुछ घंटे बंद रहा भूकंप के बाद जांच के लिए राजधानी की दो मेट्रो लाइनें बंद कर दी गईं। स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई। टोकुमेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया। शुक्रवार दोपहर बाद एयरपोर्ट पर उड़ानें फिर शुरू हो गईं। पनामा नहर में जहाजों की आवाजाही पर भूकंप का असर नहीं पड़ा। नहर का काम सामान्य रूप से चलता रहा। हालांकि, भूकंप से कहीं नुकसान तो नहीं हुआ, इसकी जांच के लिए टीमें तैनात की गईं। भूकंप के कारण छह प्रांतों में भी बिजली की सप्लाई रुक गई थी। -------------------- यह खबर भी पढ़ें… अमेरिका में फ्लोरिडा के तट से टकराया इसायस तूफान: 170 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रहीं अमेरिका के मेक्सिको की खाड़ी से लगे तटीय इलाकों में शुक्रवार को इसायस तूफान टकराया। फ्लोरिडा और अलबामा में 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। पूरी खबर पढ़ें…