Summer Stomach Infection: देश के कई हिस्सों में इस समय इतनी तेज गर्मी पड़ रही है कि लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. कई शहरों में तापमान 40 से 46 डिग्री तक पहुंच चुका है. डॉक्टरों का कहना है कि इसी गर्मी की वजह से पेट से जुड़ी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं. उनका कहना हैं कि अस्पतालों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है.दरअसल, गर्मी में खाना जल्दी खराब हो जाता है और लोग कई बार बाहर का या खुला खाना खा लेते हैं, जिससे पेट में इंफेक्शन हो जाता है. इसके अलावा लोग प्यास बुझाने के लिए कहीं का भी पानी पी लेते हैं, जो कई बार साफ नहीं होता और बीमारी की बड़ी वजह बन जाता है. क्यों बढ़ जाता है गर्मी में पेट खराब होने का खतरा?डॉक्टरों के मुताबिक, तेज गर्मी और उमस में वायरस और बैक्टीरिया ज्यादा तेजी से फैलते हैं. यही कारण है कि इस मौसम में “स्टमक फ्लू” या पेट का इंफेक्शन बढ़ जाता है. इस बीमारी में पेट और आंतों में सूजन आ जाती है, जिससे खाना सही से पच नहीं पाता. इसके कारण दस्त, उल्टी, पेट में मरोड़ और तेज दर्द जैसी परेशानी होने लगती है. वही कई बार तो लोग बाहर रखा हुआ खाना या लंबे समय तक रखा फल-सब्जियां खा लेते हैं, जो गर्मी में जल्दी खराब हो जाती हैं. यही छोटी-छोटी लापरवाही लोगों को बीमार बना देती है. साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को इसका खतरा सबसे ज्यादा रहता है क्योंकि उनका शरीर जल्दी कमजोर हो जाता है. यह भी पढ़ेंः Thyroid In Children: छोटे बच्चों का बढ़ता वजन न करें अनदेखा, हो सकती है यह खतरनाक बीमारीकब समझें कि तुरंत डॉक्टर के पास जाना जरूरी है?डॉक्टरों का कहना है कि अगर किसी को लगातार उल्टी हो रही हो, शरीर में बहुत ज्यादा कमजोरी लग रही हो या पानी पीने के बाद भी आराम न मिले तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए. अगर उल्टी या दस्त में खून दिखाई दे, तेज बुखार आए या शरीर में पानी की कमी महसूस होने लगे तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. छोटे बच्चों में यह बीमारी ज्यादा खतरनाक हो सकती है क्योंकि उनके शरीर में पानी बहुत जल्दी कम हो जाता है. कई लोग सोचते हैं कि पेट खराब होना आम बात है, लेकिन तेज गर्मी में यह परेशानी गंभीर भी हो सकती है. इसलिए समय रहते इलाज करवाना बहुत जरूरी है. गर्मी में खुद को बीमार होने से कैसे बचाएं?डॉक्टरों की सलाह है कि इस मौसम में सबसे ज्यादा ध्यान साफ पानी और खाने पर देना चाहिए. हमेशा ताजा खाना खाएं और बाहर का खुला खाना खाने से बचें. खाने से पहले और टॉयलेट के बाद हाथों को अच्छे से साबुन से धोना बहुत जरूरी है. सिर्फ सैनिटाइजर के भरोसे नहीं रहना चाहिए क्योंकि कई वायरस उस पर असर नहीं करते. साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए खूब पानी, ORS, नींबू पानी और नारियल पानी पीते रहें. लंबे समय तक बाहर रखा फल, सब्जियां और खाना खाने से बचें. थोड़ी सी सावधानी और साफ-सफाई की आदत आपको इस भीषण गर्मी में पेट की बीमारियों से बचा सकती है.यह भी पढ़ेंः AC And Heatwave Health Risks: AC से निकलते ही धूप में जाना पड़ सकता है भारी, अचानक तापमान बदलने से पड़ सकते हैं बीमार