Summer Health Tips: देश के कई राज्यों में इस समय तेज गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहने वाला है. इस दौरान सूरज की गर्मी सबसे ज्यादा मानी जाती है और तापमान कई इलाकों में 45 डिग्री के पार जा सकता है. इसी को देखते हुए आयुष मंत्रालय और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए खास सलाह जारी की है.मंत्रालय ने शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए कई देसी उपाय बताए हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा चीनी मिलाकर दूध पीने की सलाह की हो रही है. मंत्रालय का कहना है कि यह शरीर को ऊर्जा देने और पानी की कमी से बचाने में मदद कर सकता है. इसके अलावा छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी, सत्तू और मौसमी फलों को भी गर्मी से राहत देने वाला बताया गया है. चीनी वाला दूध क्यों माना जा रहा फायदेमंदतेज गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं. इससे कमजोरी, थकान और चक्कर जैसी दिक्कतें होने लगती हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, दूध में कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन और पानी जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ताकत देने में मदद करते हैं. वहीं चीनी तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है. इसी वजह से आयुष मंत्रालय ने गर्मी के दौरान चीनी वाला दूध पीने की सलाह दी है. खासकर नौतपा के दिनों में जब लू चलने का खतरा ज्यादा रहता है, तब यह शरीर को थोड़ी राहत दे सकता है. कुछ डॉक्टरों का कहना है कि ठंडा दूध शरीर को अंदर से ठंडक देने में मदद करता है और कमजोरी कम कर सकता है. आयुर्वेद में भी दूध को शरीर को शांत रखने वाला माना गया है. यह भी पढ़ेंः Calorie in Roti: गेहूं से लेकर बाजरे तक… कौन सी रोटी में कितनी कैलोरी? जानें अपनी थाली का हेल्थ सीक्रेटएक्सपर्ट्स ने दी सावधानी बरतने की सलाहहालांकि, कई डॉक्टरों और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने यह भी कहा है कि चीनी वाला दूध हर व्यक्ति के लिए सही नहीं हो सकता. जिन लोगों को डायबिटीज, मोटापा या पेट से जुड़ी परेशानी है, उन्हें ज्यादा चीनी लेने से बचना चाहिए. कुछ लोगों को दूध पचाने में भी दिक्कत होती है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसे सिर्फ एक घरेलू उपाय की तरह अपनाना चाहिए, न कि हीटवेव से बचने का पूरा इलाज समझना चाहिए. साथ ही डॉक्टरों ने ORS, नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे ड्रिंक्स को भी जरूरी बताया है. उनका कहना है कि गर्मी में सबसे जरूरी है शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी न होने देना. इसलिए सिर्फ चीनी वाले दूध पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित खानपान और ज्यादा पानी पीना जरूरी है. नौतपा में ऐसे रखें अपनी सेहत का ध्यानआयुष मंत्रालय ने लोगों को दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. खासकर नौतपा के दौरान लू लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है. इसके साथ ही हल्के सूती कपड़े पहनने, ज्यादा पानी पीने और तला-भुना खाना कम खाने की सलाह भी दी गई है. मंत्रालय के अनुसार, तरबूज, खीरा, खरबूजा, बेल का शरबत और सत्तू जैसे देसी पेय शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. वहीं बच्चों और बुजुर्गों को इस दौरान ज्यादा सावधानी रखने की जरूरत है क्योंकि उन पर गर्मी का असर जल्दी पड़ता है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सही खानपान और सावधानी रखी जाए तो नौतपा की तेज गर्मी से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है.यह भी पढ़ेंः Diabetes Prevention Tips: फीकी चाय पीकर खुद को सेफ समझने वाले सावधान, आपकी ये 3 आदतें दे रही हैं डायबिटीज को दावत