त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान 40 खाद्य नमूने लिए गए। स्वच्छता मानकों में खामियां मिलने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में करीब 100 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। डेयरी में मिला दुर्गंधयुक्त खोया और दूषित दूध उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा दिल्ली में टीमों ने खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू और गुलाब जामुन समेत 22 नमूने लिए। मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मक्खियों-मच्छरों से दूषित दूध मिला। विभाग ने तत्काल कार्रवाई कर करीब 100 किलो सामग्री नष्ट करा दी। बिना FSSAI रजिस्ट्रेशन चल रही थी फैक्ट्री दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच कर 18 नमूने लिए गए। निहाल विहार में शिकायत पर एक मिठाई निर्माण इकाई की जांच की गई। यह बिना एफएसएसएआई पंजीकरण के संचालित मिली। यहां से तीन नमूने लिए गए। विभाग के मुताबिक, लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। अधिकारियों को नियमित जांच और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।