ट्रम्प ने एनवीडिया चीफ से कहा था-नौकरी के लिए लड़ो:एनवीडिया के बर्बाद होने का डर था; चीनी जासूस से रिश्ते के चलते कल ही पद छोड़ा

Wait 5 sec.

राष्ट्रपति ट्रम्प ने 10 नवंबर को एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग को फोन किया था। उन्होंने हुआंग से नौकरी बचाने के लिए लड़ाई जारी रखने को कहा था। इस मामले से जुड़े दो लोगों ने यह जानकारी दी है। यह पहली बार नहीं था, जब ट्रम्प ने हुआंग का बचाव किया। हुआंग उनके करीबी बन चुके थे। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चल चुका था कि हुआंग के एक ऐसी महिला के साथ संबंध हैं, जिस पर चीनी जासूस होने का शक है। इसके बावजूद ट्रम्प आखिरी समय तक उनका साथ देते रहे। दरअसल, ट्रम्प को डर था कि हुआंग के पद छोड़ने से एनवीडिया बर्बाद हो सकती है। इसके बावजूद हुआंग को 12 नवंबर को इस्तीफा देना पड़ा। ट्रम्प को 2 बार हुआंग के अफेयर की जानकारी दी गई एनवीडिया चीफ का चीनी महिला एलिस हुआंग के साथ अफेयर है, इसकी जानकारी ट्रम्प को कम से कम दो बार दी गई थी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना था कि चीन के खुफिया मंत्रालय ने उसे अपने लिए काम करने के लिए तैयार किया था। ट्रम्प को पहली बार पिछले साल के आखिर में इस बारे में बताया गया था। दूसरी बार जून में चेतावनी दी गई। लेकिन ट्रम्प ने दोनों बार कोई कदम नहीं उठाया। मई में वे हुआंग को अपने साथ चीन भी ले गए। पिछले कुछ दिनों में ट्रम्प ने कई बार सार्वजनिक रूप से हुआंग की तारीफ की और उनके प्रति सहानुभूति जताई। गुरुवार को सोशल मीडिया पर उन्होंने हुआंग को 'दिग्गज' बताया था। ट्रम्प ने हुआंग के संबंध को अमेरिका के लिए खतरा नहीं माना ट्रम्प के करीबियों का कहना है कि जब राष्ट्रपति को खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के बारे में बताया गया, तब उन्होंने देश की सुरक्षा पर इसके खतरे को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। उनके एक सहयोगी के मुताबिक, ट्रम्प ने इस पूरे मामले को सिर्फ शादी के बाहर रहने वाले नाजायज संबंधों के तौर पर देखा। उन्हें नहीं लगा कि हुआंग के इस मामले से अमेरिका की सुरक्षा को कोई खतरा हो सकता है। ट्रम्प के सहयोगियों का कहना है कि राष्ट्रपति एनवीडिया को ऐसी कंपनी मानते थे, जिसे किसी भी कीमत पर डूबने नहीं दिया जा सकता। एनवीडिया दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। दुनिया की अर्थव्यवस्था में इसकी बड़ी भूमिका है। चीन को पीछे छोड़कर AI के क्षेत्र में अमेरिका को सबसे आगे रखने का ट्रम्प का सपना भी इसी कंपनी पर काफी हद तक निर्भर था। ट्रम्प हुआंग को क्यों बचाना चाहते थे? ट्रम्प के एक सलाहकार ने बताया कि राष्ट्रपति ने इस पूरे मामले को जिस तरह संभाला, उसके पीछे कई वजहें थीं। सबसे बड़ी वजह यह थी कि ट्रम्प ने हुआंग पर बहुत भरोसा कर लिया था। वे उन्हें आज के दौर का हेनरी फोर्ड मानते थे। हेनरी फोर्ड ने अमेरिका में कार बनाने के उद्योग को नई पहचान दी थी। ट्रम्प को लगता था कि हुआंग भी ऐसी तकनीक पर काम कर रहे हैं, जो आने वाले कई दशकों तक दुनिया की दिशा तय करेगी। ट्रम्प का मानना था कि एनवीडिया की सफलता का असर अमेरिका की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार पर भी पड़ता है। जब खबर आई कि कंपनी का बोर्ड हुआंग को CEO पद से हटाने पर विचार कर रहा है, तो ट्रम्प ने अपने करीबियों से पूछा कि इसका शेयर बाजार पर क्या असर होगा। उन्हें डर था कि हुआंग के हटने से बाजार में बड़ी गिरावट आ सकती है। पहले ट्रम्प को पता भी नहीं था कि एनवीडिया क्या है बाइडेन सरकार ने जब अमेरिकी चिप दूसरे देशों को बेचने पर सख्त पाबंदियां लगाईं, तब हुआंग को वॉशिंगटन की राजनीति पर ध्यान देना पड़ा। इसके बाद भी वे दूसरी टेक कंपनियों के मालिकों की तरह राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं हुए। यहां तक कि वे ट्रम्प के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल नहीं हुए थे। ट्रम्प अक्सर अपने करीबियों को बताते थे कि उन्होंने पहली बार हुआंग का नाम कैसे सुना था। वे कहते थे, 'यह कौन है? इसका नाम क्या है?' जब उन्हें बताया गया कि वह एनवीडिया के जेन्सन हुआंग हैं, तो उन्होंने पूछा था, 'ये एनवीडिया क्या है?' 2024 के आखिर तक ट्रम्प समझ चुके थे कि हुआंग एनवीडिया के सबसे अहम व्यक्ति हैं। यह कंपनी दुनिया के सबसे एडवांस AI मॉडल बनाने में इस्तेमाल होने वाले चिप का कम से कम 80% बाजार अपने पास रखती थी। दूसरी तरफ, हुआंग ने भी ट्रम्प के करीब आने का मौका देखा। उन्हें पता था कि ट्रम्प व्यक्तिगत तौर पर ध्यान देने और उनकी तारीफ करने वालों को पसंद करते हैं। पत्नी के साथ ट्रम्प के रिसोर्ट पर गए थे जेन्सन अप्रैल 2025 में हुआंग अपनी पत्नी लॉरी के साथ फ्लोरिडा के मार-ए-लागो पहुंचे थे। वहां ट्रम्प ने टेक्नोलॉजी और क्रिप्टोकरेंसी के बड़े निवेशकों के लिए डिनर रखा था। इस कार्यक्रम में हुआंग भी शामिल हुए। उस मुलाकात के बाद ट्रम्प की उनमें दिलचस्पी बढ़ गई। उस समय ट्रम्प से बात करने वाले लोगों के मुताबिक, राष्ट्रपति को एनवीडिया के बारे में जितना बताया गया, वे उतने ही प्रभावित होते गए। उन्हें बार-बार बताया गया कि AI के क्षेत्र में हो रही तरक्की काफी हद तक एनवीडिया के चिप पर निर्भर है। बाद में ट्रम्प ने हुआंग से कहा था, ‘जेन्सन, तुम दुनिया पर कब्जा कर रहे हो।’ AI से अमेरिका में नौकरियां बढ़ाना चाहते थे ट्रम्प ट्रम्प को दूसरे कार्यकाल में AI के जरिए अमेरिका में नए उद्योग और नौकरियां बढ़ाने का रास्ता दिखा। AI के लिए बड़े-बड़े डेटा सेंटर बनाए जा रहे थे। इन्हें चलाने के लिए भारी मात्रा में बिजली की जरूरत थी। ट्रम्प को उम्मीद थी कि डेटा सेंटर बनाने और चलाने के लिए मशीनें, बिजली के उपकरण और दूसरी चीजें बनाने वाली अमेरिकी फैक्ट्रियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग यानी सामान बनाने का काम बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्हें लगता था कि AI अमेरिका को चीन से आगे रखने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इसी वजह से वे AI कंपनियों के प्रमुखों को देश के सबसे अहम कारोबारियों में गिनने लगे थे। इनमें जेनसन हुआंग सबसे आगे थे। चीन को चिप बेचने के मुद्दे पर भी ट्रम्प ने जेन्सन की बात मानी हुआंग चाहते थे कि एनवीडिया अपनी चिप ज्यादा से ज्यादा देशों को बेचे। उनका मानना था कि अगर दूसरे देश AI के लिए अमेरिकी चिप का इस्तेमाल करेंगे, तो वे चीन की तकनीक के बजाय अमेरिका की तकनीक पर निर्भर रहेंगे। व्हाइट हाउस में AI और क्रिप्टो से जुड़े मामलों के प्रमुख डेविड सैक्स ने भी हुआंग का समर्थन किया। दोनों ने मिलकर ट्रम्प को चीन को कुछ खास तरह की चिप बेचने की इजाजत देने के लिए राजी किया। यह फैसला ट्रम्प के समर्थकों को पसंद नहीं था। इसके बावजूद ट्रम्प ने हुआंग और दूसरी बड़ी टेक कंपनियों के कारोबारियों की बात मानी। इनमें ओपन एआई, मेटा और स्पेस एक्स जैसी कंपनियां भी शामिल थीं। ट्रम्प ने एनवीडिया को चीन में अपनी कुछ खास चिप बेचने की इजाजत दी। इसके बदले अमेरिकी सरकार ने कंपनी की इस बिक्री से होने वाली कमाई का पहले 15% और बाद में 25% हिस्सा लेने की व्यवस्था की। इस फैसले पर कई लोगों ने सवाल उठाए। कुछ ने इसे कानूनी तौर पर गलत बताया, तो कुछ ने कहा कि इससे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। अमेरिकी प्रशासन के कुछ अधिकारी भी हैरान थे कि हुआंग का ट्रम्प पर इतना प्रभाव कैसे हो गया। ----------------------- ये खबरें भी पढ़ें… एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन पर तीसरे अफेयर का आरोप: कल ही इस्तीफा दिया; 6 दिग्गज कंपनियों के CEO अफेयर के कारण पद गंवा चुके AI चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग के तीसरे अफेयर की जानकारी मिली है। पूरी खबर यहां पढ़ें…