दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर मुनक नहर के करीब 11 किलोमीटर लंबे हिस्से को छठ घाट के रूप में विकसित किया गया है। इससे हजारों श्रद्धालुओं को सूर्य उपासना के महापर्व पर पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित स्थान और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। दिल्ली सरकार के मुताबिक, मुनक नहर के किनारे छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना और छठ महापर्व के आयोजन को बेहतर बनाना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का दावा है कि मुनक नहर के 11 किलोमीटर लंबे हिस्से को छठ घाट के रूप में विकसित करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे श्रद्धालुओं को पूजा के लिए अधिक स्थान मिलेगा और छठ महापर्व का आयोजन व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।