किताब: सफलता के 21 महामंत्र (स्वेट मार्डेन के चुनिंदा लेखों का हिंदी अनुवाद) अनुवाद: ओमप्रकाश शर्मा प्रकाशक: वाणी प्रकाशन मूल्य: 199 रुपए सफलता की किताबें अक्सर हमें बड़े सपने देखने, सकारात्मक सोच रखने और खुद पर विश्वास करने की सलाह देती हैं। स्वेट मार्डेन की किताब ‘सफलता के 21 महामंत्र’ भी इसी परंपरा की किताब है। किताब की खासियत यह है कि इसमें सफलता को आत्मविश्वास, मेहनत, निरंतर प्रयास, अनुशासन, चरित्र और सही मानसिक रवैये से जोड़ा गया है। यह किताब आज की नई मोटिवेशनल किताबों जैसी नहीं है। इसके विचार उस दौर से आते हैं, जब ‘सेल्फ-हेल्प’ साहित्य अपने शुरुआती दौर में था। किताब में मार्डेन की विभिन्न रचनाओं से प्रेरक आर्टिकल्स और विचारों को 21 सूत्रों के रूप में प्रस्तुत किया गया है। किताब मार्डेन के जीवन-दर्शन और विचारों पर आधारित है, जिसे ओमप्रकाश शर्मा ने हिंदी में अनुवाद किया है। लेखक का परिचय स्वेट मार्डेन अमेरिका के शुरुआती और प्रभावशाली सेल्फ-हेल्प लेखकों में गिने जाते हैं। उनके निधन को सौ साल से ज्यादा हो गए हैं। स्वेट मार्डेन ने सफलता, आत्मविश्वास और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसे विषयों पर व्यापक रूप से लिखा है। 1894 में उनकी चर्चित किताब ‘पुशिंग टू द फ्रंट’ प्रकाशित हुई थी। इसके बाद 1897 में उन्होंने ‘सक्सेस’ मैगजीन शुरू की। इसका उद्देश्य लोगों को सफलता, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवन के विचारों से जोड़ना था। किताब की खासियत किताब की सबसे बड़ी खासियत इसकी सरल भाषा और विचारों को सीधे तरीके से रखने की शैली है। मार्डेन जटिल सिद्धांतों की बजाय रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े गुणों पर बात करते हैं। किताब की 10 मुख्य बातें ग्राफिक में देखिए- किताब के मुख्य मंत्रों को थोड़ा विस्तार से समझिए- आत्मविश्वास किताब का एक बड़ा संदेश है कि व्यक्ति को सबसे पहले अपनी क्षमता पर विश्वास करना सीखना चाहिए। खुद को कमजोर समझने वाला व्यक्ति अवसर सामने आने पर पीछे हट सकता है। यह विचार आज के युवाओं के लिए खास तौर पर प्रासंगिक है, जहां असफलता के डर से कई लोग शुरुआत ही नहीं कर पाते। लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए मार्डेन के मुताबिक, बिखरी हुई ऊर्जा सफलता की राह में बड़ी बाधा है। व्यक्ति को यह तय करना चाहिए कि उसे किस दिशा में आगे बढ़ना है और फिर उसी दिशा में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। इसके लिए लक्ष्य स्पष्ट रखना जरूरी है। मेहनत और निरंतरता किताब की सबसे व्यावहारिक सीख यही है कि सफलता किसी एक बड़े मौके से नहीं मिलती, बल्कि लगातार किए गए छोटे-छोटे प्रयासों से हासिल होती है। यह सिखाती है कि सही समय का इंतजार करने की बजाय अपनी तैयारी और काबिलियत पर काम करना ज्यादा जरूरी है। हर दिन की गई छोटी शुरुआत भी आगे चलकर बड़े नतीजे दे सकती है। असफलता को अंत न मानें मार्डेन का मानना है कि किसी काम में असफल होना और जीवन में असफल होना दो अलग-अलग बातें हैं। आज के दौर में यह सीख और भी महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया पर दूसरों की उपलब्धियां देखकर लोग अक्सर अपनी प्रगति को कम आंकने लगते हैं। यह किताब याद दिलाती है कि सफलता का रास्ता हमेशा सीधा नहीं होता। असफलताएं इस सफर का हिस्सा हैं, उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना ही असली कामयाबी है। इच्छाशक्ति और अनुशासन सिर्फ लक्ष्य तय करने या उसे हासिल करने की इच्छा रखने से सफलता नहीं मिलती। इसके लिए लगातार प्रयास करना और अपने फैसलों पर टिके रहना जरूरी है। किताब आत्म-अनुशासन, समय का सही इस्तेमाल और काम को अधूरा न छोड़ने की आदत विकसित करने पर जोर देती है। यही गुण व्यक्ति को अपने लक्ष्य के करीब ले जाते हैं। सफलता के लिए 8 जरूरी आदतें ग्राफिक में देखिए- सकारात्मक सोच किताब में सकारात्मक दृष्टिकोण पर काफी जोर दिया गया है। मार्डेन का मानना है कि व्यक्ति अपने बारे में जैसा सोचता है, उसका असर उसके व्यवहार, आत्मविश्वास और प्रयासों पर भी पड़ता है। हालांकि, आज के पाठक के लिए इस विचार को व्यावहारिक नजरिए से समझना जरूरी है। सकारात्मक सोच सफलता की राह आसान बना सकती है, लेकिन केवल अच्छा सोचने से लक्ष्य हासिल नहीं होते। इसके लिए सही योजना, कौशल, मेहनत और उपलब्ध अवसरों का भी महत्व है। इसलिए जरूरी है कि सकारात्मक सोच को अपने व्यवहार और रोजमर्रा के प्रयासों में उतारा जाए। सफलता का अहम हिस्सा है चरित्र आज की ज्यादातर मोटिवेशनल किताबों में सफलता को करियर, पैसा या उपलब्धि से जोड़ा जाता है। मार्डेन का नजरिया इससे थोड़ा व्यापक है। वे चरित्र, ईमानदारी, शिष्टाचार, जिम्मेदारी और दूसरों के प्रति व्यवहार को भी सफलता का हिस्सा मानते हैं। किताब किन्हें पढ़नी चाहिए? यह किताब खास तौर पर उन युवाओं के लिए उपयोगी है, जो करियर की शुरुआत कर रहे हैं, किसी परीक्षा या लक्ष्य की तैयारी कर रहे हैं या असफलता के बाद दोबारा शुरुआत करना चाहते हैं। ग्राफिक में देखिए- किताब के बारे में मेरी राय यह किताब सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व को समझाती है। हालांकि, कुछ जगहों पर विचार दोहराए हुए लगते हैं। साथ ही सफलता में व्यक्तिगत इच्छाशक्ति की भूमिका को काफी ज्यादा महत्व दिया गया है। अगर पाठक इसे सफलता का कोई तय फॉर्मूला मानने की बजाय अपनी सोच, आदतों और काम करने के तरीके को बेहतर बनाने वाली किताब के रूप में पढ़ें, तो इससे कई महत्वपूर्ण सीख मिल सकती हैं। ****************** यह बुक रिव्यू भी पढ़िए बुक रिव्यू- सुख बाहर नहीं, हमारे भीतर ही है: दुनियावी इच्छाओं की दौड़ से बाहर निकलो, मन के भीतर उतरो, यही सच्चे सुख का रास्ता है हर व्यक्ति सुख चाहता है, लेकिन सुख की उसकी परिभाषा अलग होती है। कोई पैसा, नौकरी, परिवार या प्रतिष्ठा में सुख खोजता है तो कोई अपनी इच्छाओं के पूरे होने में। कई बार मनचाही चीजें हासिल करने के बाद भी भीतर एक खालीपन बना रहता है। पूरी खबर पढ़िए