सवाल- मैं 39 साल का हूं और एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर हूं। मेरी पत्नी भी नौकरी करती है। पिछले दो साल में उसने बहुत तरक्की की है। उसकी सैलरी मुझसे काफी ज्यादा हो गई है। उसे लगातार प्रमोशन मिल रहे हैं और अब लोग उसे उसके काम के लिए पहचानने लगे हैं। मुझे उसकी सफलता पर गर्व भी होता है, लेकिन जब परिवार या दोस्त उसकी तारीफ करते हैं तो मन में अजीब-सी जलन होने लगती है। कई बार लगता है कि मैं पीछे छूट गया हूं। मैं उससे अपनी ये भावनाएं शेयर भी नहीं कर पाता, क्योंकि डरता हूं कि वह मुझे मेल शॉविनिस्ट समझेगी। मैं अपनी पत्नी की सफलता से खुश क्यों नहीं हो पा रहा हूं? एक्सपर्ट– डॉ. द्रोण शर्मा, कंसल्टेंट साइकेट्रिस्ट, आयरलैंड, यूके। यूके, आयरिश और जिब्राल्टर मेडिकल काउंसिल के मेंबर। इस स्थिति को समझने के लिए सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पत्नी की ज्यादा कमाई या तरक्की से आपको परेशानी क्यों हो रही है। असल समस्या पत्नी की सफलता नहीं, बल्कि उस सफलता को लेकर आपके मन में बनने वाली धारणाएं हैं। इसके पीछे मुख्य रूप से तीन मनोवैज्ञानिक कारण हो सकते हैं। 1. पुरुष होने के साथ जुड़ी श्रेष्ठता की अवधारणा 2. पुरुष की सामाजिक भूमिका और असुरक्षा 3. अपनी कीमत को सफलता और कमाई से जोड़कर देखना क्या आप एक इनसिक्योर पुरुष हैं? करें सेल्फ एसेसमेंट टेस्ट अपनी भावनाओं और सोच को समझने के लिए आप एक एसेसमेंट टेस्ट करें। नीचे ग्राफिक में तीन हिस्से हैं और हर हिस्से में 4–4 सवाल। इन सवालों को आप 0 से 3 के स्केल पर रेट करें। 0 का मतलब है ‘कभी नहीं’ और 3 का मतलब है ‘लगभग हमेशा’। पिछले एक महीने के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए हर सवाल को स्कोर करें। ग्राफिक के बाद स्कोर इंटरप्रिटेशन भी देखें। अपने स्कोर को कैसे समझें? आपको हर सेक्शन के सवालों के जवाब को अलग देखना है। 0 से 4 अंक: सोच ज्यादा गहरी नहीं है। 5 से 8 अंक: थोड़ा है, इसे देखें और समझें। 9 से 12 अंक: बहुत गहरा है। आत्मविश्लेषण करें। प्रोफेशनल हेल्प लें। नोट: ये स्कोर सिर्फ आत्मविश्लेषण के लिए हैं। ये मेडिकल डायग्नोसिस नहीं है। पत्नी से अपनी भावनाओं के बारे में कैसे बात करें? अपनी भावनाओं को दबाने से भावनात्मक दूरियां बढ़ सकती हैं। लेकिन पत्नी से यह कहना कि उसकी सफलता से जलन होती है, उसे दुख या गिल्ट से भर सकता है। बातचीत का उद्देश्य अपनी फीलिंग्स को बताना और स्थितियों को बेहतर करना होना चाहिए। इसके लिए ऐसा समय चुनें, जब दोनों शांत हों और बिना किसी रुकावट के करीब 20-30 मिनट बात कर सकें। बातचीत की शुरुआत कुछ इस तरह की जा सकती है- 1. पत्नी की उपलब्धियों को स्वीकार करें: 'तुमने अपनी सफलता के लिए बहुत मेहनत की है। मुझे सचमुच तुम पर गर्व है।' 2. अपनी भावनाएं बताएं: 'कभी-कभी जब लोग तुम्हारी तारीफ करते हैं तो मैं अपनी उपलब्धियों की तुलना तुमसे करने लगता हूं और खुद को कमतर महसूस करता हूं।' 3. अपनी भावनाओं की जिम्मेदारी लें: 'मुझे लगता है कि इसकी वजह सफलता को देखने का मेरा अपना नजरिया और पुरुषों से जुड़ी कुछ पुरानी सामाजिक धारणाएं हैं। मुझे इन पर काम करने की जरूरत है।' 4. पत्नी को भरोसा दिलाएं: 'तुमने कुछ गलत नहीं किया है। मैं नहीं चाहता कि तुम अपनी महत्वाकांक्षाएं कम करो या मेरी वजह से अपनी सफलता को लेकर अपराधबोध महसूस करो।' 5. उनका नजरिया भी समझें: 'क्या कभी मेरे व्यवहार से तुम्हें ऐसा लगा कि मैं तुम्हारी सफलता से खुश नहीं हूं?' 6. मिलकर आगे का रास्ता तय करें: 'मैं अपनी असुरक्षा और सोच पर काम करना चाहता हूं। चाहता हूं कि हम दोनों एक-दूसरे की सफलता को खुशी से स्वीकार कर सकें।' अपनी सोच और व्यवहार में बदलाव कैसे लाएं? कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी (CBT) से यह समझने में मदद मिलती है कि किसी घटना को लेकर हमारी सोच कैसे भावनाओं और व्यवहार को प्रभावित करती है। इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए परिवार के किसी कार्यक्रम में रिश्तेदारों ने पत्नी के प्रमोशन और सैलरी की तारीफ की। अब इसे ऐसे देखिए– घटना: रिश्तेदार पत्नी की सफलता की तारीफ कर रहे हैं। मन में आया विचार: सब मुझे कम सफल समझ रहे होंगे। मेरी वैल्यू कम हो रही है। भावना: जलन, शर्मिंदगी, बेचैनी और नाराजगी। व्यवहार: चुप हो जाना, दूरी बरतना या पत्नी की उपलब्धि को कमतर बताने वाली टिप्पणियां करना। अब उसे अपने मन में उठे विचारों पर सवाल करना चाहिए। ये सवाल चीजों को एक नए नजरिए से देखने का रास्ता खोल सकते हैं। अपनी सोच को कैसे बदलें? चार हफ्तों का सेल्फ हेल्प प्लान इस दिशा में छोटे-छोटे अभ्यास मददगार हो सकते हैं। इसके लिए चार हफ्तों का एक कार्यक्रम अपनाया जा सकता है। पहला हफ्ता अपनी ईर्ष्या को पहचानें रोज अपनी भावनाओं और विचारों को लिखें। जब भी जलन महसूस हो, यह दर्ज करें कि उस समय क्या हुआ था, आपके मन में क्या विचार आया और आपको कैसा महसूस हुआ। साथ ही, अपनी भावना की तीव्रता को 0 से 10 के बीच रेट करें। उदाहरण: 'रिश्तेदारों ने पत्नी की सैलरी की तारीफ की। मुझे लगा कि वे मुझे असफल समझते होंगे। उस समय मेरी जलन 8/10 थी।' इस अभ्यास का उद्देश्य खुद को गलत ठहराना नहीं, बल्कि अपनी भावनाओं को समझना है। दूसरा हफ्ता पुरानी धारणाओं पर सवाल उठाएं अपनी उन मान्यताओं को पहचानें, जो आपकी जलन की वजह बन रही हैं। खुद से पूछें- तीसरा हफ्ता सफलता से अलग अपनी पहचान बनाएं अपनी अहमियत को सिर्फ सैलरी और पद से जोड़कर न देखें। हर शाम अपने व्यक्तित्व की ऐसी तीन खूबियां या योगदान लिखें, जिनका कमाई या पेशेवर सफलता से कोई संबंध न हो, जैसेकि- इसके अलावा अपने करियर और व्यक्तिगत विकास के लिए भी कुछ लक्ष्य तय करें। ये लक्ष्य अपनी रुचि और काबिलियत के आधार पर बनाएं, न कि पत्नी से आगे निकलने के लिए। चौथा हफ्ता अपने व्यवहार में बदलाव लाएं अब उन परिस्थितियों में अपने व्यवहार को बदलने की कोशिश करें, जहां पहले आपको जलन होती थी, जैसेकि– प्रोफेशनल हेल्प कब जरूरी? अगर पत्नी की सफलता को लेकर होने वाली जलन लगातार बेचैनी, उदासी, नींद की परेशानी, झगड़े या कामकाज में दिक्कत पैदा करने लगे तो मनोवैज्ञानिक से सलाह लेनी चाहिए। अंतिम बात शादी कोई कम्पटीशन नहीं है अंत में मैं बस यही कहूंगा कि इस केस में समस्या पत्नी की सफलता नहीं है। समस्या ये है कि आप अपनी अहमियत को उपलब्धियों से तौल रहे हैं। सच तो ये है कि पत्नी की तरक्की पति की हार नहीं है। अच्छा जीवनसाथी वह है, जो अपने साथी की सफलता से खुद को छोटा महसूस न करे, बल्कि उसके साथ कदम–से–कदम मिलाकर चले। पति को दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय खुद से पूछना चाहिए, “क्या मैं एक बेहतर इंसान और जीवनसाथी बन रहा हूं?” ****************** ग्राफिक्स- महेंद्र वर्मा ………………. यह खबर भी पढ़िए मेंटल हेल्थ- त्योहार आते ही बढ़ता डर और बेचैनी: बचपन का ट्रॉमा ट्रिगर हो जाता है, घर जाने का मन नहीं करता, खुशी कैसे महसूस करूं सवाल पूछने के लिए शुक्रिया। यह बात सही है कि बचपन के बुरे अनुभवों का असर कई साल बाद भी दिखाई दे सकता है। आपके मामले में यह समझना जरूरी है कि त्योहारों के नजदीक आते ही आपकी बेचैनी क्यों बढ़ने लगती है। पूरी खबर पढ़ें…