NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय:इनमें तीन NTA एक्सपर्ट; दिल्ली कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया; 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई

Wait 5 sec.

दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप तय किए हैं। 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई होगी। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। 18 नवंबर को कोर्ट ने आरोप तय करने का दिया था आदेश दिल्ली की अदालत ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई अपराधों के पर्याप्त सबूत हैं। अदालत के मुताबिक, आरोपियों ने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की, उसे एक-दूसरे तक पहुंचाया और उसका इस्तेमाल किया। कोर्ट ने इसे संगठित साजिश का हिस्सा बताया। तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट पर गोपनीय सवाल लीक करने का आरोप कोर्ट के मुताबिक, मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार NTA के लिए काम कर रहे थे। इसलिए उन्हें लोक सेवक माना गया है। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल किए। मंधारे बायोलॉजी, पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री और हवालदार फिजिक्स की एक्सपर्ट थीं। कोर्ट ने कहा कि तीनों पर परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी। पेपर लीक से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान होने की जानकारी थी कोर्ट ने कहा कि तीनों एक्सपर्ट को पता था कि गोपनीय जानकारी साझा करने से उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। लीक सामग्री के आधार पर कोई बेईमान उम्मीदवार चयनित हो सकता है और उसकी जगह किसी योग्य उम्मीदवार का चयन रुक सकता है। अदालत के मुताबिक, पेपर लीक से उम्मीदवारों की कोचिंग, यात्रा और रहने पर खर्च की गई रकम भी बेकार जा सकती थी। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान होता। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक ही गतिविधि के आधार पर आरोपी के खिलाफ कई अलग-अलग अपराधों में मुकदमा चलाया जा सकता है, अगर वह गतिविधि कानून के तहत अलग-अलग अपराध बनती है। तीन एक्सपर्ट से शुरू होकर दूसरे आरोपियों तक पहुंचा पेपर कोर्ट के मुताबिक, मंधारे, कुलकर्णी और हवालदार से गोपनीय सामग्री दूसरे आरोपियों तक पहुंची। इनमें धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल थे। अदालत ने कहा कि आरोपियों को पता था कि उनके पास पहुंची सामग्री NTA से जुड़े किसी व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई थी। उन्हें यह भी जानकारी थी कि परीक्षा के गोपनीय सवाल परीक्षा से काफी पहले उपलब्ध करा दिए जाएंगे। कोर्ट के मुताबिक, सामग्री एक आरोपी से दूसरे तक क्रमवार पहुंचाई गई। यह सिलसिला तीनों एक्सपर्ट से शुरू होकर दूसरे आरोपियों तक पहुंचा। गोपनीय सवाल NTA की कॉपीराइट सामग्री थे कोर्ट ने कहा कि आरोपियों ने जिन गोपनीय सवालों को हासिल किया, बांटा और पैसे कमाने के लिए इस्तेमाल किया, वे NTA की कॉपीराइट सामग्री थे। इसलिए उनकी गतिविधियां कॉपीराइट उल्लंघन के दायरे में आती हैं। अदालत ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के एक प्रावधान के तहत भी आरोप तय करने का निर्देश दिया। CBI ने 14 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की थी चार्जशीट केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई। शेषराव महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला है। उसे 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। --------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… सुप्रीम कोर्ट में सरकार बोली-NEET का सिस्टम फूलप्रूफ, तोड़ना मुश्किल: SC ने कहा- टेक्नोलॉजी समझने वाले अफसर भर्ती करें, उन्हें बार-बार ट्रांसफर न करें सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि NEET परीक्षा सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें सेंध लगाना मुश्किल है। पेपर तैयार करने से लेकर एग्जाम सेंटर में पहुंचाने तक पूरी प्रक्रिया को बेहद गोपनीय रखा जाता है। पढ़ें पूरी खबर…