बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। नराइल जिले में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के करीब 50 घरों और दुकानों में आग लगा दी गई। घटना शुक्रवार को कालिया उपजिला के बेंदर चार गांव में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक हमले शुक्रवार दोपहर से देर रात तक जारी रहे। हमलावरों ने कई घरों में तोड़फोड़ की और वहां रखा फर्नीचर, कीमती सामान और दूसरी चीजें लूट लीं। पूर्व पीएम शेख हसीना देश लौटने की बात कह चुकी हैं। इसके बाद से ही तनाव बढ़ गया है। बीते दिनों हुई हिंसा में पीएम तारिक रहमान की पार्टी BNP के दो नेताओं की हत्या हुई थी। नराइल में हुई आगजनी की 3 तस्वीरें पूर्व सांसद और मेयर के घरों पर भी हमला अवामी लीग के पूर्व सांसद के अलावा पूर्व मेयर और पार्टी से जुड़े बड़े नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया है। स्थानीय लोगों ने इन हमलों के लिए पीएम तारिक रहमान की पार्टी BNP के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, आरोपियों की पहचान नहीं हुई है। फायर सर्विस के मुताबिक, शुक्रवार शाम कई घरों में आग लगने की सूचना मिली थी। रास्ते में कुछ लोगों ने पेड़ काटकर डाल दिए थे। इसके कारण दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। 18 नवंबर से हुई थी हिंसा की शुरूआत हिंसा की शुरुआत 18 नवंबर की शाम से हुई थी। उस दिन बेंदर चार इलाके में BNP कार्यकर्ताओं की मोटरसाइकिल रैली पर हमला हुआ था। BNP के मुताबिक यह रैली अवामी लीग की हिंसक गतिविधियों के विरोध में निकाली गई थी। रैली जब बेंदर चार गांव के बरगद के पेड़ वाले इलाके में पहुंची, तभी उस पर हमला हुआ। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों में भी आग लगा दी गई। हमले में तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर हालत में दो लोगों को इलाज के लिए खुलना ले गए। इसी दौरान दोनों की मौत हो गई। BNP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस हमले के लिए अवामी लीग के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया था। हुमायूं कबीर के घर में भी लगी थी आग बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर शुक्रवार को पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई थी। घटना के समय हुमायूं कबीर वहां मौजूद नहीं थे। इस मामले की जांच की जा रही है। कबीर ने इस हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन भी कहा था। अवामी लीग के बंद के ऐलान के बीच कई जगह आगजनी हुई थी शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशभर में एक दिन के बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर करीब एक हफ्ते तक प्रदर्शन और रैलियां की थीं। इसके बाद बंद बुलाया गया। बंद का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के उन जिलों में देखने को मिला, जहां अवामी लीग का मजबूत जनाधार है। इस दौरान कई जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आईं। बीएनपी सांसदों के घरों पर हमला: शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में बीएनपी के दो सांसदों के घरों में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। कुछ बाजारों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया। बसों और गाड़ियों में आग: पुलिस के मुताबिक, कम से कम 6 बसों और पिकअप गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। रेलवे लाइन के एक हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया। ढाका-चटगांव हाईवे पर आगजनी: गुरुवार को हाईवे पर एक बस और ट्रक में आग लगा दी गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। यूनुस के घर में भी आग लगी थी: चटगांव में 18 नवंबर की रात अंतरिम सरकार प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई थी। हसीना दिसंबर में देश लौटना चाहती हैं बांग्लादेश में 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उन्होंने हसीना की पार्टी अवामी लीग पर लगे बैन लगा दिया था। अब तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री हैं। उनकी सरकार ने इस बैन को जारी रखा है। हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में लौटेंगी। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा है। ------------------------ यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के घर में आग लगाई: ढाका में कई जगह बम धमाके; हसीना की पार्टी का बंद का ऐलान, 565 गिरफ्तार बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के ऐलान के बीच हिंसा भड़क गई है। राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले कई जगह देसी बम धमाके हुए। देश के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं हुई हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…