हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में इंडियन यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए। ऑफिस के बाहर एक गमला भी टूटा मिला। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। यूथ कांग्रेस के मुताबिक, मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगा दी थी। संगठन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा के कहने पर की गई। यूथ कांग्रेस ने दोनों अकाउंट सात दिनों के भीतर बहाल करने की मांग की थी। संगठन ने कहा था कि अगर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटीं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान शीशे पर लिखा नारा मुंबई के BKC स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग इकट्ठा हुए थे। FIR के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा। इससे शीशे को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने जिन चार लोगों को नामजद किया है, उनमें जीना सबरीन, नेशनल यूथ कांग्रेस सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर शामिल हैं। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 और महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। हैदराबाद में 20 से 21 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता हैदराबाद स्थित मेटा ऑफिस पहुंचे थे। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया में दिखाई दिए। पुलिस ने 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया था। करीब तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया। यूथ कांग्रेस का दावा- प्रदर्शन के 15 मिनट बाद अकाउंट बहाल हुए यूथ कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 20 नवंबर को कार्यकर्ताओं के मेटा ऑफिस पहुंचने के 15 मिनट बाद उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल कर दिए गए। संगठन ने सवाल उठाया कि अकाउंट पर पाबंदी किसके आदेश पर लगाई गई थी। उसने यह भी पूछा कि जब भी लोगों की आवाज दबाई जाएगी, क्या भारतीयों को मेटा के ऑफिस जाना पड़ेगा? भाजपा बोली- कांग्रेस गुंडों की पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर पोस्ट कर यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की आलोचना की। भंडारी ने वर्ल्ड AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने बिना कपड़ों के समिट में घुसकर भारत का अपमान किया था। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भंडारी ने कहा- प्राइवेट कंपनियों के ऑफिस में तोड़फोड़ करना कांग्रेस का मॉडल है। KTR बोले- हैदराबाद की कारोबारी छवि को नुकसान पहुंचा BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस घटना से शहर की कारोबारी छवि और निवेश के माहौल को नुकसान पहुंचा है। KTR ने कहा कि हैदराबाद की कारोबारी पहचान दशकों की नीतियों से बनी है और इससे लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है। उन्होंने कहा कि मेटा ने भारत में अपना सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में बनाया है और कंपनी ने यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल के भरोसे निवेश किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि पिछले तीन साल में वह कौन-सा बड़ा ग्लोबल ब्रांड है, जिसे वह हैदराबाद लेकर आई है। KTR ने कहा, ‘कल की घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि ब्रांड हैदराबाद का भरोसा भी टूटा है।’