दिल्ली की विरासत से रूबरू हुए युवा:हेरिटेज वॉक से जाना ऐतिहासिक स्मारकों का इतिहास; डीडीए के विश्व विरासत सप्ताह का समापन

Wait 5 sec.

दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान से युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए डीडीए की ओर से आयोजित तीन दिवसीय विश्व विरासत सप्ताह का शनिवार को समापन हो गया। 19 से 21 नवंबर तक चले इस आयोजन में स्कूली और कॉलेज के छात्रों ने हेरिटेज वॉक के जरिए ऐतिहासिक स्मारकों को करीब से देखा और उनके इतिहास, स्थापत्य कला व सांस्कृतिक महत्व की जानकारी हासिल की। डीडीए ने उपराज्यपाल एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष सरदार तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में डियर पार्क, हौज खास, महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क और कोरोनेशन पार्क में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें हेरिटेज वॉक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक कार्यशालाओं के जरिए युवाओं को दिल्ली की विरासत से परिचित कराया गया। उपराज्यपाल संधू ने कहा कि दिल्ली की पहचान उसके ऐतिहासिक स्मारकों, समृद्ध इतिहास और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं से है। इस विरासत को संरक्षित करने के साथ नागरिकों में इसके प्रति गर्व की भावना पैदा करना भी जरूरी है। शनिवार को कोरोनेशन पार्क में 'हेरिटेज एंड क्रिएटिविटी डे' के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ। दिल्ली विश्वविद्यालय और डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए विरासत और सतत विकास, भारतीय कला में प्रतीकात्मकता तथा स्थापत्य इतिहास पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इसके अलावा मिट्टी के बर्तन बनाने, ओरिगामी और पेपर क्राफ्ट की कार्यशालाएं भी हुईं। हेरिटेज वॉक में देखे ऐतिहासिक स्मारक 19 नवंबर को हौज खास स्थित डियर पार्क में स्कूली छात्रों के लिए हेरिटेज वॉक आयोजित की गई। इंटैक दिल्ली चैप्टर के सहयोग से हुई इस वॉक में छात्रों ने बाग-ए-आलम का गुंबद, काली गुमटी, तोहफे वाला गुंबद और मुंडा गुंबद देखा। उन्हें हौज खास टैंक और किले के इतिहास के साथ पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण की जानकारी दी गई। 20 नवंबर को महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क में कॉलेज छात्रों और आम लोगों ने हेरिटेज वॉक में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने जमाली-कमाली, मेटकाफ की फॉली, बोटहाउस, कुली खान का मकबरा और महरौली इंटरप्रिटेशन सेंटर का भ्रमण किया। शाम को उपराज्यपाल की मौजूदगी में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसमें वायलिन वादक उस्ताद जोहर अली खान ने प्रस्तुति दी और गुरु गोबिंद सिंह जी के शबद 'मित्र प्यारे नूं' से समां बांधा।