दिल्ली में नवविवाहिता की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत:ढाई महीने पहले हुई थी शादी; परिवार ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया

Wait 5 sec.

दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को एनडीएमसी (NDMC) फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण 28 साल की आकृति गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थीं। उनकी शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। शादी को अभी ढाई महीने ही हुए थे। आकृति के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घटना को आत्महत्या का रूप देकर आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। आकृति के छोटे भाई ने कहा कि उसकी बहन परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और मानसिक रूप से बेहद मजबूत थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसकी पिटाई करता था और दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया जाता था। परिजनों के अनुसार, यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी और शादी को केवल ढाई महीने हुए थे। ऐसे में उसकी मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस परिवार और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने और परिवार के आरोपों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।