कुरुक्षेत्र के युवक की पुणे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पिछले 10-12 साल से पुणे के एक होटल में कुक का काम करता था। परिवार का आरोप है कि उसकी हत्या की गई और मामले को हादसा दिखाने की कोशिश हुई। मौत के बाद उसका शव होटल से करीब 400 किलोमीटर दूर दफना दिया गया। परिवार के मुताबिक, 10 नवंबर को उसकी आखिरी बार वीडियो कॉल पर बात हुई थी। उस दिन वह पुणे से ट्रेन में घर आने के लिए निकला था। परिजन दो दिन तक कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर उसका इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं पहुंचा। 18 नवंबर को परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। बहन बलजीत कौर का आरोप है कि होटल संचालक ने पहले बीमारी और फिर हादसे में मौत होने की बात कही, लेकिन परिवार को समय पर जानकारी नहीं दी। बाद में पता चला कि शव 20 नवंबर को चालीसगांव घाटी रेलवे स्टेशन के पास दफना दिया गया। परिवार अब शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। मामले में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) भी परिवार के समर्थन में आई है। कमेटी ने महाराष्ट्र सरकार और केंद्र से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है। अब जानिए क्या है पूरा मामला… 10 नवंबर को घर आने के लिए निकला, इंतजार करता रहा परिवार मृतक की पहचान पिहोवा के गांव मोहनपुर निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा के रूप में हुई है। सुखदेव की बड़ी बहन बलजीत कौर ने बताया कि 10 नवंबर को भाई ने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी। उस दिन वह पुणे से ट्रेन में बैठकर घर आने के लिए निकला था। परिवार को उसके आने का इंतजार था। अगले दो दिन तक परिजन उसे लेने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन जाते रहे, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। परिवार को उस समय उसकी मौत की कोई जानकारी नहीं थी। 18 नवंबर को रिश्तेदार से मिली मौत की सूचना बलजीत कौर के मुताबिक, 18 नवंबर को परिवार के एक कॉमन रिश्तेदार ने उन्हें सुखदेव की मौत के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने होटल संचालक से संपर्क किया। होटल संचालक भी रिश्तेदारी में सुखदेव का दूर का भाई है। बहन का आरोप है कि बातचीत के दौरान पहले टालमटोल किया गया। कभी सुखदेव के बीमार होने तो कभी हादसे में मौत होने की बात बताई गई। परिवार को उसकी मौत की जानकारी पहले नहीं दी गई थी। होटल से 400 KM दूर दफनाया शव, परिवार को जानकारी नहीं परिवार का आरोप है कि सुखदेव की मौत 11 नवंबर को हो गई थी। इसके बाद 20 नवंबर को होटल से करीब 400 किलोमीटर दूर चालीसगांव घाटी रेलवे स्टेशन के पास उसका शव दफना दिया गया। इसके लिए JCB से गड्ढा खुदवाया गया था। बहन का कहना है कि परिवार को विश्वास में लिए बिना शव दफनाने से उन्हें अंतिम संस्कार करने का मौका भी नहीं मिला। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं। परिवार में पिता, दो बहनें और छोटा भाई; सुखदेव का हो चुका था तलाक सुखदेव के परिवार में पिता सरदारा सिंह, बड़ी बहन बलजीत कौर, बहन मनजीत कौर और छोटा भाई हरदेव सिंह हैं। उसकी मां सुरजीत कौर की करीब 22 साल पहले मौत हो चुकी है। सुखदेव की शादी हुई थी, लेकिन बाद में पत्नी से तलाक हो गया था। परिवार के मुताबिक, तलाक पंचायती तौर पर हुआ था और इस संबंध में कोई पुलिस केस दर्ज नहीं हुआ था। HSGMC ने कहा- गृह मंत्री शाह और CM सैनी को लिखेंगे पत्र हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार और पुणे प्रशासन के सामने भी मामला उठाया जाएगा। कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग झींडा ने कहा कि परिवार को विश्वास में लिए बिना शव दफनाना गलत है। इससे सिख धर्म की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। परिवार को अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने का अधिकार है। उन्होंने मांग की कि शव को कब्र से बाहर निकलवाया जाए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराकर पोस्टमॉर्टम कराया जाए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। इसके बाद शव परिवार को सौंपा जाए।