इजराइल में नेतन्याहू की सरकार गिराने के करीब विपक्ष:समर्थन में 7 नए सांसद आए, प्रधानमंत्री के पुराने साथी भी छोड़ सकते हैं साथ

Wait 5 sec.

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कुर्सी खतरे में पड़ती दिख रही है। उन्हें सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष ने ऐसा दांव चला है, जिससे उनकी सरकार के पुराने साथी भी पाला बदल सकते हैं। पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजनकोट ने दक्षिणपंथी नेता एविगडोर लिबरमैन को अपने साथ मिला लिया है। अब नेतन्याहू की सरकार में शामिल रही 7 सांसदों वाली यूनाइटेड टोरा जूडिज्म पार्टी भी आइजनकोट से बातचीत कर रही है। यह पार्टी अगर नेतन्याहू का साथ छोड़कर आइजनकोट के साथ आती है, तो कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए बहुमत बचाना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, पार्टी ने अभी समर्थन का ऐलान नहीं किया है। उसके धार्मिक नेताओं ने आइजनकोट से बातचीत की मंजूरी दी है। आइजनकोट के साथ फिलहाल 48 सांसद हैं। यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के सभी 7 सांसद उनका समर्थन करते हैं, तो यह संख्या 55 हो जाएगी। यानी बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों से वे सिर्फ 6 कदम दूर रह जाएंगे। इसके बाद उन्हें अरब पार्टियों या दूसरे सांसदों का साथ जुटाना होगा। लिबरमैन के साथ समझौता, अब धार्मिक दलों पर नजर आइजनकोट और लिबरमैन ने मंगलवार रात मिलकर सरकार बनाने पर समझौता किया। लिबरमैन की पार्टी यिसराइल बेतेनु का आइजनकोट के साथ आना नेतन्याहू के खिलाफ विपक्ष की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। लिबरमैन लंबे समय से नेतन्याहू के विरोधी रहे हैं। बुधवार को उन्होंने दावा किया कि अगले हफ्ते तक नई सरकार बन सकती है। अब आइजनकोट की कोशिश उन धार्मिक पार्टियों को अपने साथ लाने की है, जो अब तक नेतन्याहू की सरकार को समर्थन देती रही हैं। इनमें यूनाइटेड तोराह जूडिज्म पार्टी भी शामिल है। इसके पास संसद में 7 सीटें हैं। पार्टी के नेता आइजनकोट से बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि, सरकार में शामिल होने से पहले वे एक शर्त रख सकते हैं। उनकी मांग है कि धार्मिक छात्रों को सेना में भर्ती से छूट देने के मुद्दे पर समझौता किया जाए। यही मुद्दा नेतन्याहू के लिए परेशानी बन सकता है। इजराइल में युद्ध के चलते हजारों रिजर्व सैनिकों को बार-बार सेना में ड्यूटी करनी पड़ रही है। आइजनकोट और उनके सहयोगियों का कहना है कि धार्मिक समुदाय के युवाओं को भी सेना में भर्ती होना चाहिए। इससे उन आम परिवारों और सैनिकों पर बोझ कम होगा, जिन्हें बार-बार ड्यूटी पर जाना पड़ रहा है। लिबरमैन पहले धार्मिक पार्टियों को साथ लेकर सरकार बनाने के खिलाफ थे। लेकिन अब वे ऐसी सरकार बनाने के लिए तैयार हैं, जिसमें इन पार्टियों को भी जगह मिल सकती है। उनका मानना है कि अगर सरकार को यहूदी सांसदों का बहुमत हासिल है, तो अरब पार्टी के समर्थन से अल्पमत सरकार भी चलाई जा सकती है। नेतन्याहू के सामने 46 सांसद, विपक्ष के पास 48 इजराइल की संसद में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। फिलहाल नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और उसके सहयोगियों के पास 46 सीटें हैं। दूसरी ओर, आइजनकोट, लिबरमैन, नफ्ताली बेनेट, यायर लापिड और यायर गोलान के साथ कुल 48 सांसद हैं। यानी विपक्ष अभी नेतन्याहू के खेमे से सिर्फ 2 सीट आगे है। लेकिन सरकार बनाने के लिए उसे 13 और सांसदों की जरूरत है। यूनाइटेड टोरा जूडिज्म के 7 सांसद साथ आते हैं, तो यह दूरी घटकर 6 सीट रह जाएगी। इसके बाद आइजनकोट की नजर मंसूर अब्बास की अरब पार्टी राअम पर होगी। यह पार्टी सरकार में शामिल होकर या बाहर से समर्थन देकर उनकी मदद कर सकती है। अब्बास पहले भी 2021 से 2022 के बीच नफ्ताली बेनेट और यायर लापिड की सरकार का हिस्सा रह चुके हैं। वे अगली सरकार में भी शामिल होना चाहते हैं। आइजनकोट के पास सरकार बनाने के 3 रास्ते हैं 1. लिकुड के साथ गठबंधन: नेतन्याहू की पार्टी के साथ एकता सरकार बनाना। हालांकि, इसमें सबसे बड़ी अड़चन प्रधानमंत्री पद को लेकर है। 2. अति-रूढ़िवादी पार्टियों का समर्थन: इन पार्टियों के साथ समझौता करना। लेकिन इसके लिए सेना में अनिवार्य सेवा जैसे मुद्दों पर समझौता करना पड़ सकता है। चुनाव में आइजनकोट के खेमे ने इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। 3. फिलिस्तीनी पार्टियों के समर्थन से सरकार: आइजनकोट फिलिस्तीनी पार्टियों (अरब पार्टियों) के समर्थन से अल्पमत सरकार भी बना सकते हैं। लेकिन उनके अपने गठबंधन में लिबरमैन समेत कई नेता इसके खिलाफ हैं। आइजनकोट ने इन तीनों विकल्पों को खुला रखा है। इससे उन्हें हर सहयोगी दल के साथ बातचीत में फायदा मिल रहा है। किसी एक विकल्प पर निर्भर न रहने से वे दूसरे दलों पर समझौते के लिए दबाव बना सकते हैं। 6 दिसंबर तक का वक्त, नहीं बनी सरकार तो फिर नेतन्याहू की बारी राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें 6 दिसंबर तक बहुमत जुटाना है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति यह समयसीमा 14 दिन और बढ़ा सकते हैं। आइजनकोट के लिए यह तारीख निजी तौर पर भी अहम है। 7 दिसंबर को उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। 25 साल के गाल की मौत गाजा में लड़ाई के दौरान हुई थी। अगर आइजनकोट तय समय में सरकार नहीं बना पाए, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। नेतन्याहू भी बहुमत नहीं जुटा पाए, तो इजराइल में फिर से चुनाव कराने पड़ सकते हैं। फिलहाल नेतन्याहू के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिन पार्टियों के सहारे उनकी सरकार टिकी है, उनमें ही टूट की आशंका बढ़ रही है।