मोदी बोले- महिला आरक्षण बिल रोकना संविधान का अपमान:विपक्ष मुसलमानों को आरक्षण देना चाहता है; संविधान दिवस पर नाम लिए बिना कांग्रेस पर निशाना

Wait 5 sec.

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर अपने ब्लॉग के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने देने को संविधान का अपमान बताया। मोदी ने कहा- विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता रोका। पीएम ने लिखा- विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण कम करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने पांच दशक तक सत्ता में रहे लोगों पर संविधान को कमजोर करने और सत्ता के लालच में उसका दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया। मोदी ने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अब विरोध पक्ष से ज्यादा ‘अवरोध पक्ष’ बन गई है। उन्होंने संविधान के मूल्यों की रक्षा, सामाजिक-आर्थिक न्याय और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ पर जोर दिया। पीएम बोले- संविधान को बताया अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा मोदी ने लिखा कि संविधान उनके जीवन और करोड़ों भारतीयों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने संविधान की विशेषताओं और संविधान सभा के योगदान का उल्लेख किया। पीएम ने कहा कि संविधान ने एक सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी देश की सेवा का दायित्व संभालने का अवसर दिया। उन्होंने संविधान बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली असाधारण महिलाओं को भी याद किया। सरकार के कामों को सामाजिक-आर्थिक न्याय से जोड़ा प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने संविधान को मजबूत करने और सामाजिक-आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का जिक्र किया। मोदी ने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, रूपे कार्ड और UPI की पहुंच ने आम लोगों को आर्थिक व्यवस्था से जोड़ने और समावेशिता बढ़ाने में मदद की है। GST, OBC आयोग और EWS आरक्षण का जिक्र मोदी ने तीन संविधान संशोधनों को अपनी सरकार के महत्वपूर्ण कदमों के तौर पर गिनाया। उन्होंने कहा कि संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। भारतीय न्याय संहिता के जरिए आपराधिक न्याय व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। कांग्रेस पर संविधान संशोधनों और आपातकाल को लेकर निशाना मोदी ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हुई। उन्होंने आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन को भी संविधान को कमजोर करने वाला कदम बताया। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का दुरुपयोग किया और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया। अनुच्छेद 370 और 35-A का भी जिक्र प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-A का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रावधानों के कारण वहां लंबे समय तक पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया। नक्सलवाद को गरीबों के संवैधानिक अधिकारों में बाधा बताया मोदी ने कहा कि नक्सलवाद ने आदिवासी क्षेत्रों में गरीब लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल में हथियारबंद नक्सलवाद के खात्मे को उपलब्धि बताया। साथ ही कहा कि अब हथियारबंद नक्सली खत्म होने के बाद केवल ‘दिमागी नक्सली’ बचे हैं। महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष को घेरा हमारे संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना भी अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। एक बार फिर उसने दिखाया है कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसके मन में कितना कम सम्मान है। मैं देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। 2047 तक विकसित भारत बनाने की अपील ब्लॉग के अंत में मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच और ‘कर्तव्य भाव’ को जरूरी बताया। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियां निभाने की अपील की।