दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग की 90वीं जयंती और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। एनडीएमसी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं के सामाजिक, संगठनात्मक और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मांगेराम गर्ग और अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। उनके जीवन और कार्यों से सेवा, समर्पण और संगठन की भावना की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर मांगेराम गर्ग के संगठनात्मक योगदान और दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने के उनके प्रयासों को याद किया गया। वहीं, अशोक सिंघल के योगदान का उल्लेख करते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन और सांस्कृतिक जागरण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।