दिल्ली में अतिक्रमण के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। राजधानी के सभी प्रमुख बाजारों, सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान तेज किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जगहों पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, हटाए गए अतिक्रमण वाली जगहों पर दोबारा कब्जा होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने 20 नवंबर को दिल्ली सचिवालय में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने MCD और दिल्ली पुलिस को सार्वजनिक स्थलों की लगातार निगरानी करने और दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने को कहा। बैठक में चांदनी चौक की ऐतिहासिक पहचान और पुरानी दिल्ली की विरासत को बहाल करने के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी चर्चा हुई। निर्देशों के बाद MCD ने दिल्ली पुलिस की मदद से पुरानी दिल्ली में कार्रवाई शुरू की है। शनिवार को पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी समेत कई जगहों पर अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद खारी बावली में भी अभियान चलाया गया। इनमें कुछ जगहों पर व्यापारियों ने लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे से आम लोगों की आवाजाही बाधित होती है। इससे यातायात, सफाई और सार्वजनिक सुरक्षा भी प्रभावित होती है। बैठक में ई-रिक्शा की संख्या नियंत्रित करने, अवैध वाहनों पर कार्रवाई और बाजारों में नागरिक सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए। चांदनी चौक में महिलाओं के लिए शौचालय बढ़ाने और क्यूआर कोड आधारित शिकायत व्यवस्था शुरू करने पर भी जोर दिया गया।