दिल्ली में 19 नई मैकेनिकल स्वीपर मशीनें उतारीं:सीएम ने दिखाई हरी झंडी; 923.57 करोड़ रुपए की लागत से 70 मशीनें खरीदेगा एमसीडी

Wait 5 sec.

दिल्ली में सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए एमसीडी ने मैकेनिकल सफाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 19 नई स्वचालित मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और सपोर्ट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मशीनों से सड़कों पर जमा धूल और कचरे की सफाई की जाएगी। एमसीडी 923.57 करोड़ रुपए की परियोजना के तहत कुल 70 मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीनें शामिल कर रहा है। इनमें 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी से चलने वाली मशीनें हैं। परियोजना में इनका 10 साल तक संचालन और रखरखाव भी शामिल है। सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मेयर प्रवेश वाही, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, डिप्टी मेयर मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव और निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक, इन मशीनों में मैकेनिकल ब्रश और सक्शन सिस्टम लगे हैं, जो सड़क से धूल और मलबा उठाने में सक्षम हैं। इटली और स्विट्जरलैंड की कंपनियों से खरीदी गई मशीनों से मैकेनाइज्ड सफाई बढ़ेगी और मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम होगी। यूरोप से आने वाली सभी 70 मशीनों की आपूर्ति पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण प्रभावित हुई है। एमसीडी प्रदूषण के हॉटस्पॉट पर सफाई मजबूत करने के लिए अतिरिक्त मशीनें किराए पर लेने की संभावना भी तलाश रहा है। इसके अलावा सड़कों की सफाई के लिए पानी के छिड़काव, एंटी स्मॉग गन और जेटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।